नई दिल्ली – से सीमा विवाद के मद्देनजर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका रक्षा मंत्री मार्क टी एस्पर से फोन पर बात की। दोनों देश के रक्षा मंत्री लगातार संपर्क में रहे हैं । हाल ही में कई बार दोनों के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग पर चर्चा हो चुकी है। आज की बातचीत भी उसी कड़ी में थी। यह जानकारी सरकारी सूत्रों से मिली है।
एस. जयशंकर और माइक पोंपिओ भी रहे संपर्क में
ज्ञात हो कि इससे पहले 15 जून, 2020 को भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख की गलवन घाटी में हुई झड़प के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपिओ के बीच कई दौर की गोपनीय वार्ता होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस सूचना को इसलिए छिपाया गया ताकि दुनिया का यह संदेश नहीं जाए कि भारत व अमेरिका के बीच कोई लामबंदी हो रही है।
आधिकारिक तौर पर भारत व अमेरिका के बीच चुप्पी रही, लेकिन यह बात साफ है कि चीनी अतिक्रमण को लेकर भारत और अमेरिका दोनों एक दूसरे के संपर्क में रहे और किसी कठिन परिस्थिति के होने पर सहयोग का वादा किया था।
ज्ञात हो कि लद्दाख में चीन के अतिक्रमण पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया जताने वालों में अमेरिकी विदेश मंत्री पोंपिओ ही रहे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी भारत को मिलाकर एक नया समूह-11 बनाने का प्रस्ताव कर चुके हैं और इसमें शामिल होने के लिए उन्होंने पीएम मोदी को आमंत्रित भी किया है। पीएम मोदी ने भी इसका उत्साह से स्वागत किया है।
