पहलवान बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया को अलविदा कह दिया है। आपको बता दें कि उन्होंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिए हैं। पहलवान ने खुद पोस्ट करके यह घोषणा की और इतना बड़ा फैसला लेने की वजह भी बताई। साथ ही उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे उनके लिए दुआएं करें। बता दें कि बजरंग पूनिया ने टोक्यो ओलंपिक के कारण सोशल मीडिया से किनारा किया है। जुलाई-अगस्त में ओलंपिक होने वाले हैं और पहलवान अपना सारा फोकस खेलों की तैयारी में लगाना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने सोशल मीडिया से नाता तोड़ लिया है। अब वह खेलों के बाद ही फैंस से रूबरू होंगे।

बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पोस्ट लिखा- ‘मैं अपने सभी सोशल मीडिया हैंडल्स (अकाउंट) को आज से बंद कर रहा हूं। अब ओलंपिक के बाद आप सभी से मुलाकात होगी। उम्मीद करता हूं आप अपना प्यार बनाए रखेंगे। साथ ही मेरे लिए दुआएं कीजिए कि मैं ओलंपिक मेडल जीतकर आऊं और देश का नाम रोशन करुं। विश्व चैंपियनशिप में तीन पदक जीत चुके 26 साल के पहलवान सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वे देश-विदेश से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय भी रखते रहे हैं। पूनिया ओलंपिक में भारत की तरफ से पदक के मजबूत दावेदारों में से एक हैं। उन्होंने सितंबर 2019 में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक टिकट कटाया था।
