[रिपोर्टर प्रमिला] रेलवे यात्रियों के लिए जरूरी सूचना है। बता दें कि हरियाणा में सिरसा से वाया रोहतक-बहादुरगढ़ के रास्ते दिल्ली के तिलकब्रिज तक जाने वाली सिरसा एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया है। ऐसे में जब ट्रेनें सुचारु होंगी तो यह ट्रेन भिवानी-रेवाड़ी के रास्ते जाएगी। ऐसे में रोहतक-बहादुरगढ़ के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस रूट पर यह ट्रेन सबसे उपयोगी मानी जाती है। फिलहाल तो सामान्य ट्रेनें एक साल से बंद हैं, मगर जब सेवाएं सुचारु होंगी तो कई स्टेशनों के यात्री इस ट्रेन से महरूम रहने की स्थिति में परेशान होंगे। दरअसल, दैनिक यात्री संघ की ओर से सतपाल हाडा ने रेलवे से कई बिदुओं पर आरटीआइ के तहत सूचना मांगी थी। इनमें से तीन बिदुओं का जवाब रेलवे ने दिया है। पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को लेकर रेलवे ने बताया है कि सभी नियमित यात्री ट्रेनों को 23 मार्च 2020 को रद कर दिया गया था। मौजूदा स्थिति और राज्य सरकारों की चिता को देखते हुए वर्तमान में केवल सीमित ठहराव वाली विशेष ट्रेनें ही चलाई जा रही हैं। यात्री ट्रेनों की बहाली पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है। वहीं सिरसा एक्सप्रेस का रूट बदले जाने के सवाल पर रेलवे ने बताया है कि जनप्रतिनिधियों की मांग और उत्तर रेलवे तथा उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रस्तावों के आधार पर तिलक ब्रिज-सिरसा के बीच चलने वाली सिरसा एक्सप्रेस का संचालन अब भिवानी-रेवाड़ी-गुरुग्राम के रास्ते करने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन भी तभी चलेगी, जब बाकी ट्रेनों का संचालन होगा। इधर, आरटीआइ कार्यकर्ता सतपाल हाडा ने बताया कि केएमपी एक्सप्रेस वे के साथ-साथ बिछाई जाने वाली नई रेल लाइन से आसौदा को जोड़ने से संबंधित सवाल का कोई जवाब नहीं दिया गया। इसको लेकर उन्होंने प्रथम अपील की है।
