फरीदाबाद : बुधवार को बड़खल चौक के पास बुद्ध औद्योगिक क्षेत्र स्थित कबाड़ गोदाम में हुए धमाके की जांच के लिए बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे मधुबन से फॉरेंसिक टीम घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंची। मधुबन (करनाल) की टीम के साथ-साथ जिला फॉरेंसिक टीम व बम निरोधक दस्ता भी मौजूद रहा। टीम का नेतृत्व कर रहे फॉरेंसिक टीम प्रभारी बैलेस्टिक विशेषज्ञ सहायक निदेशक डॉ. धर्मबीर सिंह ने मौके से मिट्टी सहित मृतक के कपड़ों के टुकड़े व कुछ नोट नमूने के तौर पर लिए।

उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में नमूनों की जांच के बाद ही विस्फोट के कारणों का पता लग सकेगा। टीम इस बात को पुख्ता करना चाहती है कि गोदाम में हुए धमाके में किसी बारूद या अन्य विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल तो नहीं हुआ है। जांच के दौरान टीम ने गोदाम से कई ऐसी चीजें भी बरामद हुई हैं। जिन पर खतरनाक, विस्फोटक सामग्री लिखा हुआ था। शुरुआती जांच में टीम इन गोलाकार वस्तुओं को कार के एयर बैग में इस्तेमाल होने वाले पार्ट मानकर चल रही है। एयरबैग के पार्ट में भी विस्फोटक होता है हालांकि उसकी मात्रा काफी कम होती है। बुधवार को बुद्ध विहार स्थित औद्योगिक क्षेत्र स्थित कबाड़ गोदाम में बुधवार को हुए धमाके में बदरपुर एक्सटेंशन दिल्ली निवासी चंदर देव की मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर घायल हो गए थे। थाना ओल्ड फरीदाबाद पुलिस ने घायल जुबेर की शिकायत पर बृहस्पतिवार को गोदाम संचालक सचिन जैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सचिन जैन ने पुलिस को बताया कि उसके पास कबाड़ गोदाम चलाने का लाइसेंस है। उनके यहां पर दूसरे देशों से एल्युमीनियम, तांबे, पीतल व अन्य धातु का कबाड़ आता है। कबाड़ से चीजों को अलग-अलग छंटाई के बाद वह उसे आगे बेच देते हैं। कबाड़ में कोई विस्फोटक पदार्थ था। इस कारण धमाका हो गया। एफएसएल टीम ने नमूनों को जांच के लिए लैब में भेज दिया है।
