फरीदाबाद : मेट्रो अस्पताल सेक्टर-16 व फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एफआइए) ने जिले के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों व उनके स्वजन के उत्तम स्वास्थ्य के लिए हाथ बढ़ाए हैं। श्रमिकों व उनके स्वजन को उपचार की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए लिए समझौता प्रपत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, साथ ही एफआइए-मेट्रो स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। पद्म विभूषण व डा.बीसी राय अवार्ड से सम्मानित मेट्रो अस्पताल के चेयरमैन डा.पुरुषोत्तम लाल व एफआइए प्रधान बीआर भाटिया ने समझौता प्रपत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद फाइलों का आदान प्रदान किया।
इस मौके पर एफआइए के प्रधान बीआर भाटिया व उद्योगपति केसी लखानी ने कहा कि एक कर्मचारी औसतन अपना एक तिहाई जीवन अपने कार्य स्थल पर गुजारता है। उनकी सेहत का किसी भी देश की अर्थव्यवस्था का सीधा संबंध है। कार्य क्षेत्र पर विभिन्न प्रकार के जोखिम जैसे कि गर्मी, शोर, धूल, रसायन, मशीन, स्ट्रेस इत्यादि बीमारियों को बढ़ाती हैं। कर्मचारी जो कि स्ट्रेस एवं इस परिस्थितियों में कार्य के उपरांत उनके धूमपान करने, व्यायाम ना करने एवं अस्वस्थ भोजन करने की संभावना को बढ़ाते हैं। हमने श्रमिकों के हित को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। उन्हें इस योजना के जरिए उपचार की उत्तम सुविधाएं मिलेंगी। डा.पुरुषोत्तम लाल व अस्पताल के कार्डियोलाजिस्ट डा.नीरज जैन ने कहा कि हमें खुशी है कि एफआइए ने मेट्रो अस्पताल को इस योजना के लिए चुना। श्रमिकों को भी योजना के अनुसार इलाज की विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। डा.जैन ने कहा कि यह बहुत भी जरूरी है कि कर्मचारी अपनी स्वास्थ जीवनशैली के लिए खानपान के प्रति जागरूक रहें। मेट्रो अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.मनजिदर भट्टी ने कहा कि जिले में कार्यरत निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए इस अभियान की शुरुआत की है।
