फरीदाबाद : कांग्रेेसी नेता विजय प्रताप सिंह ने हरियाणा सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को पूरी तरह निराधार करार देते हुए कहा कि मनोहर सरकार की कथनी और करनी में फर्क। प्रदेश की भाजपा सरकार कहती कुछ है और करती कुछ है। युवाओं को रोजगार देने की बात बजट में की है, मगर सरकार ने अब तक नौकरियां छीनने का काम किया है। हरियाणा सरकार एक तरफ तो गौशालाओं में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की बात करती है, वहीं प्रदेश में गौ माताओं की दुर्दशा से लोग भलीभांति वाकिफ हैं।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करने वाली खट्ट सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के लिए ऐसा कुछ नहीं किया है, जिससे वो सुरक्षित एवं सिक्योर महसूस कर सकें। विजय प्रताप सिंह ने कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में सबसे अव्वल स्थान पर है, लेकिन इसके बावजूद बजट में युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के लिए इस दिशाहीन सरकार ने कोई ठोस योजना नहीं बनाई है। इस बजट से आज समाज का हर वर्ग हताश है और निराश है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सरकार बनने पर 5100 रूपए प्रतिमाह बुढ़ापा पेंशन करने का वायदा किया था, लेकिन आज सरकार ने बजट में बुढ़ापा पेंशन में मात्र 250 रूपए की वृद्धि करके उसे 2250 से 2500 रूपए किया है, जो कि बुजुर्गाे के साथ सरासर धोखा है। बुजुर्गों को आशा एवं उम्मीद सरकार से थी, उस पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। उन्होंने बजट को पूरी तरह से से दिशाहीन और लोगों की उम्मीदों से परे बताया।
