फरीदाबाद : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री गठबंधन सरकार का दूसरा बजट पेश किया। इसमें उन्होंने लीज पर लेकर बीस साल से नगर निगम की संपत्ति पर काबिज लोगों को संपत्ति का मालिकाना हक देने की घोषणा की। लोगों ने इस घोषणा की सराहना की। हालांकि, उद्योग, स्वास्थ्य, गुरुग्राम-फरीदाबाद के बीच प्रस्तावित मेट्रो रूट के लिए किसी प्रकार की घोषणा नहीं होने से लोगों में मायूसी भी है। बजट में सिकरोना में आईटीआई खोलने, विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की तरफ से विश्वकर्मा कौशल रथ और फीडर स्कूल चलाने की घोषण का लोगों ने स्वागत किया है। हरियाणा विधानसभा में हरियाणा का बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकाय से बीस साल पहले लीज पर संपत्ति लेने वाले लोगों को संबंधित संपत्ति का मालिकाना हक दिया जाएगा। स्थानीय निकाय इसके लिए राशि तय करेगी और उसके बाद संबंधित संपत्ति को फ्री होल्ड कर दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक सरकार के इस फैसले से करीब 1800 लोगों को लाभ होगा। इनमें विशेष रूप से एनआईटी क्षेत्र के कई बाजारों में दुकानदारों को राहत मिलेगी। क्योंकि लीज की संपत्ति होने की वजह से संबंधित कारोबारी अपने कारोबार का विस्तार नहीं कर पा रहे थे। विशेष बात यह है कि इससे निगम को भी राजस्व मिलेगा, जिससे शहर के विकास को गति मिल सकेगी।वायु प्रदूषण से मिलेगी राहतफसलों के अवशेषों को जलाने से रोकने के लिए सरकार ने बजट में फसल अवशेष प्रबंधन पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अवशेष प्रबंधन के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। इस वर्ष फसल अवशेषों के उपयोग के लिए प्रदेश में पेट्रोलियम मंत्रालय के सहयोग से 100 कंप्रेस्ड बायो गैस तथा बायोमास प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इन बायो गैस और बायोमास संयंत्रों आदि में पुआल की आपूर्ति के लिए कैचमेंट एरिया उपलब्ध करवाने के लिए पुआल उत्पादक गांवों का मानचित्रण भी किया जा रहा है। मेवात में पेयजल के लिए होगा नहर का निर्माण मुख्यमंत्री ने मेवात क्षेत्र में लोगों को पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाने के लिए मेवात फीडर नहर बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेवात क्षेत्र में सरकार ने 100 क्यूसिक क्षमता की मेवात फीडर नहर का निर्माण करने का निर्णय लिया है। यह नहर बादली के निकट गुरुग्राम जल आपूर्ति से पाइप्ड चैनल के रूप में निकाली जाएगी और केएमपी एक्सप्रेस वे के साथ-साथ गुरुग्राम चैनल तक जाएगी
