दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा, ‘बजट में हमने एक प्रावधान रखा है कि हम पूरी दिल्ली के अंदर 500 जगहों पर तिरंगे झंडे फहराएंगे तो भाजपा और कांग्रेस के नेता इसका विरोध क्यों कर रहे हैं? भाजपा के नेताओं से मेरा सवाल है कि तिरंगा झंडा अगर भारत में नहीं फहराएगा तो क्या पाकिस्तान में फहराएगा? देश का तिरंगा दिल्ली में नहीं लहरेगा तो इस्लामाबाद में लहरेगा क्या? आपको बता दें कि दिल्ली के डिप्टी सीएम और वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे मनीष सिसोदिया ने 9 मार्च को राज्य का बजट पेश करते हुए कहा था कि सरकार ने इस बजट को देशभक्ति बजट का नाम दिया है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों के अंदर देशभक्ति का भाव जगाने के लिए सेंट्रल पार्क की तर्ज पर राजधानी में 500 जगहों पर तिरंगे झंडे लगाएगी। इस कार्य के लिए दिल्ली सरकार ने बजट में 45 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इसी मुद्दे पर सदन में जवाब दिया। ‘2048 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे दिल्ली’ अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में कहा, ‘हमारा सपना है कि 2048 में दिल्ली ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे। इसके लिए हम सभी स्पोर्ट्स बॉडी, भारतीय ओलंपिक संघ और केंद्र सरकार के पास जाएंगे। इस लक्ष्य के लिए दिल्ली सरकार पहल करेगी लेकिन सभी दलों और नेताओं को इसके लिए एकजुट होना होगा। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारा सपना जरूर पूरा होगा।’

