बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद बीते लंबे समय से अपनी दरियादिली के चलते सुर्खियों में हैं। सोनू सूद कोरोना के बीच परेशान गरीब परिवारों की मदद करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। वह हर क्षेत्र में लोगों की सहायता करने का प्रयास कर रहे हैं। फिर चाहे वह विदेश में फंसे छात्रों को स्वदेश लाने का काम हो या फिर किसान को ट्रेक्टर देने या छात्रों को ऑनलाइन क्लासेस के लिए मोबाइल उपलब्ध करावाना हो। अब उन्होंने 1 लाख नौकरियां देकर 10 करोड़ देशवासियों की जिंदगी बदलने की प्रतिज्ञा ली।इस बात की जानकारी सोनू सूद ने सोशल मीडिया के जरिए दिए।
सोनू सूद के इस ऐलान के बाद उनकी हर तरफ तारीफ हो रही है। इसमें बताया कि वह एक प्लान के तहत देश के 1 लाख बेरोजगार लोगों को रोजगार देंगे। इससे बेरोजगारी दर में कमी लाई जा सकती है। इसके साथ ही 1 लाख लोगों से जुड़ी 10 करोड़ जिंदगियां बदल जाएंगी।क्या है गुडवर्कर एप्लिकेशन
गुडवर्कर एक जाॅब एप्लिकेशन है। यह ऐप भारत के प्रवासी मजदूरों (लाॅकडाउन में नौकरी खोने वाले लोगों) को नौकरी दिलाने के मकसद के लिए बनाई गई है। इस ऐल को एक्टर सोनू सूद द्वारा की गई नेक पहल के तहत बनाया गया है। ये उन लोगों की मदद करने के लिए तैयार की गई एक ऐसी ऐप है, जो बेरोजगार और आजीविका के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, संघर्ष कर रहे हैं। गुडवर्कर का मिशन उन लाखों प्रवासी कामगारों को जॉब लिंकेज और करियर की प्रगति सहायता प्रदान करना है, जिन्हें नौकरियों की जरूरत है। यह दावा है कि यह ऐप पूरी तरह वेरिफाइड है यानी यहां आपको नौकरी के नाम पर ठगी धोखेबाजी का शिकार नहीं होना पड़ेगा।
साल 2020 में हुए लाॅकडाउन के समय से कर रहे हैं मदद
सोनू सूद पिछले साल लगे लॉकडाउन के समय से ही प्रवासी मजदूरों की समस्याओं को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने लाॅकडाउन के दौरान कई प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाया था। इतना ही नहीं लाॅकडाउन खत्म होने के बाद भी सोनू सूद लोगों की मदद कर रहे हैं। काम की बात करें तो सोनू सूद फिल्म पृथ्वीराज चौहान में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ अक्षय कुमार,मानुषी छिल्लर हैं। इसके अलावा सोनू सूद ने किसान नाम की फिल्म भी साइन की है।
