टोंक जिले के निवाई में अज्ञात वाहन की टक्कर से सोमवार शाम मां-बेटे की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस नहीं आने के कारण बाइक पर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। मंगलवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। हादसा भणकपुरा गांव में सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। सदर थाना प्रभारी गंगाराम ताखर ने बताया कि रतनपुरा रोहिडा निवासी शांति देवी बेरवा (60) बेटे रमेश कुमार बेरवा (38) के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदार के पास जोधपुरिया गांव जा रहे थे। चतुर्भुज पूरा रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
राहगीरों ने मोबाइल से परिजनों की सूचना दी
राहगीरों ने बताया कि मृतक के पास मौजूद मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। इससे मौके पर परिजन तुरंत पहुंच गए। परिजनों ने 108 एंबुलेंस कॉल सेंटर पर फोन किया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस ने 1 घंटे बाद आने को कहा। इसकी वजह से दोनों मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
काफी देर तक जब एंबुलेंस नहीं आई तो परिजन बाइक से दोनों को निवाई राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को निवाई सीएचसी मोर्चरी में रखवाया गया।
