पानीपत जिले के छह माडल संस्कृति स्कूली छात्रों के लिए खबर अच्छी है। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र अब सीबीएसई की अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। जिसके लिए सीबीएसई बोर्ड ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा शिक्षा बोर्ड भिवानी के तहत चल रहे छह स्कूलों को मान्यता दी है। इनमें से दो प्राचार्यों की नियुक्ति भी हो चुकी है। स्कूलों में नए सत्र से विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। जिले के प्रत्येक खंड में एक राजकीय स्कूल को माडल संस्कृति सीसे स्कूल का दर्जा मिला है। उक्त स्कूलों की सीबीएसई से मान्यता को लेकर प्रक्रिया शुरू हुई थी। सीबीएसई से संबंधित ढांचागत सुविधाओं को पूरा करने के लिए बजट भी जारी हुआ। मान्यता के लिए फाइल जमा कराई गई। केंद्रीय टीम ने स्कूलों का निरीक्षण किया। सीबीएसई से मान्यता के बाद इन स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार आएगा।
पांच को भी मिली मान्यता
पिछले साल दिसंबर माह में राजकीय माडल संस्कृति सीसे स्कूल राजाखेड़ी को सीबीएसई से मान्यता मिल गई थी। अब समालखा खंड के चुलकाना, बापौली के गोयला खुर्द, इसराना, मतलौडा के अलावा पानीपत में राजकीय माडल संस्कृति सीसे स्कूल लालबत्ती जीटी रोड को भी सीबीएसई से मान्यता मिल चुकी है।
शिक्षकों का होगा साक्षात्कार
सीबीएसई से मान्यता पाने वाले स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति नए सिरे से होगी। इसके लिए शिक्षकों का साक्षात्कार लिया जाएगा। साक्षात्कार निदेशक माध्यमिक शिक्षा की ओर से किया जाएगा। निदेशालय ने शिक्षकों से इस संबंध में ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। साक्षात्कार में अंग्रेजी बोलने समझने वाले शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। ताकि बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाने व बोर्ड के अनुरूप माहौल मिल सके।
इन्हें मिली प्राचार्य की जिम्मेदारी
सीबीएसई से मान्यता पाने वाले छह में से दो स्कूलों के लिए प्रिंसिपल का चयन हो चुका है। इसमें राजकीय माडल संस्कृति सीसे स्कूल लालबत्ती जीटी रोड पानीपत में प्रतिमा शर्मा को प्रिंसिपल लगाया गया है। जो पहले खोतपुरा जीएसएसएस में कार्यरत थी। वहीं राजकीय माडल संस्कृति सीसे स्कूल राजाखेड़ी में सुमित्रा को प्रिंसिपल की जिम्मेदारी मिली है। जो वहां पहले से ही कार्यरत है। बाकी स्कूलों में भी जल्द प्रिंसिपल के नियुक्त होने की संभावना है।
सभी को मिली मान्यता
जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी छह राजकीय माडल संस्कृति सीसे स्कूलों को सीबीएसई से मान्यता मिल चुकी है। नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 से उक्त विद्यालयों में सीबीएसई के पैटर्न के अनुसार ही दाखिले और पढ़ाई कराई जाएगी।
