हाई प्रोफाइल परिवारों के युवक व युवती ने अपने घरों से भाग कर शादी कर ली। इसके बाद वे लुधियाना पहुंचे तो नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा देने में शहर के दो थानों की पुलिस को पसीना छूट गया। सोमवार देर शाम दोनों को सुरक्षित घर पहुंचाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। हरियाणा में शादी कर लुधियाना पहुंचे नवविवाहित जोड़े ने सेशन कोर्ट में पेश होकर सुरक्षा की मांग की। दूल्हा जिले के हैबोवाल इलाके का रहने वाला है जबकि दुल्हन हरियाणा के गुड़गांव की रहने वाली है। दोनों गुड़गांव में एक ही कंपनी में काम करते हैं। इसी दौरान दोनों में प्रेम संबंध बन गए लेकिन घरवालों से मंजूरी न मिली। दोनों ने भागकर शादी कर ली और लुधियाना आ गए।
पुलिस विभाग में ऊंचे पदों पर हैं दुल्हन के घरवाले
दुल्हन के परिवार के अधिकतर लोग पुलिस में ऊंचे पद पर हैं। वे इस शादी से बहुत नाराज हैं। सोमवार को सभी पुलिस अधिकारी भी दुल्हन को वापस ले जाने के लिए लुधियाना पहुंच गए। इस बात का पता चलने पर सेशन कोर्ट ने थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस को निर्देश दिया कि नवविवाहित जोड़े को सुरक्षित अदालत में लाया जाए और उसके बाद उन्हें घर पहुंचाया जाए। थाना हैबोवाल की पुलिस को दूल्हे के घर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। सुबह से शाम तक नवविवाहित जोड़े को सुरक्षा देने में पुलिस की काफी परेड हुई।
हाई कोर्ट जता चुका है प्रेमी जोड़ों की सुरक्षा पर चिंता
बता दें कि कुछ दिन पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने प्रेमी जोड़ों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की थी। कोर्ट ने घर से भाग कर अंतरजातीय विवाह करने वाले प्रेमी जोड़ों की सुरक्षा के हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में 24 घंटे हेल्पलाइन और सुरक्षा की मांग पर दोनों राज्यों व चंडीगढ़ को 22 मार्च तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था।
