फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] फरीदाबाद पूर्व सैनिक एवं कर्मचारी कॉपरेटिव हाऊसिंग सोसायटी द्वारा शिव मंदिर सैनिक कॉलोनी सेक्टर-49 में आज कोरोना वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सोसायटी के प्रधान राकेश धुन्ना ने विधिवत रूप से किया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 15 डाक्टरों व नर्सिंग स्टाफ की टीम ने टीकाकरण का कार्य किया।
शिविर में करीब 103 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इस मौके पर सोसायटी के प्रधान राकेश धुन्ना ने कहा कि कोरोना महामारी ने मनुष्य की जिंदगी की रफ्तार को थाम दिया था, हालांकि सरकार ने कोरोना की रोकथाम के लिए वैक्सीन बनाकर जो पहल की है, वह सराहनीय है, लेकिन इसके बावजूद कोरोना की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है, ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि जहां हम कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं और मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग जैसी सावधानियां भी अवश्य बरतें। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन के दो डोज होते है, इसलिए पहले डोज लगवाने के बाद दूसरा डोज अवश्य लगवाएं ताकि कोरोना जैसे जानलेवा बीमारी से बचने के लिए शरीर में मजबूत इम्युनिटी सिस्टम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि वैक्सीन को लेकर लोगों में जो भ्रांतियां है, वह पूरी तरह से अफवाहें है क्योंकि कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायक भी इस वैक्सीन को लगवा चुके है और पूरी तरह से स्वस्थ्य है इसलिए हमें निसंकोच कोरोना वैक्सीन लगवानी चाहिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने वैक्सीनेशन शिविर आयोजित करने पर राकेश धुन्ना सहित सोसायटी के अन्य पदाधिकारियों का आभार जताया। इस अवसर पर अंजू चौधरी, पूनम आहुजा, महावीर सिंह, सुनील भड़ाना, अंजू भड़ाना आदि विशेष रूप से मौजूद थे।
