राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेजी से बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वैक्सीनेशन को अब युद्ध स्तर पर बढ़ाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि अभी दिल्ली में हर रोज 30-40 हजार लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग रही है। अब हम इसे बढ़ाकर सवा लाख तक ले जा रहे हैं। हम वैक्सीनेशन सेंटर की संख्या 500 से बढ़ाकर 1,000 करेंगे। सरकारी सेंटरों में वैक्सीन देने का समय सुबह 9 से शाम 5 बजे तक है। अब इसे बढ़ाकर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक कर दिया जाएगा।
मेरा केंद्र से निवेदन है कि देश में वैक्सीन का उत्पादन बढ़ गया है, इसलिए मैं केंद्र से अनुरोध करता हूं कि अब टीके सबके लिए खोले जाएं। यह लिस्ट बनाने के बजाय कि कौन पात्र हैं, हमें उन लोगों की एक लिस्ट बनानी चाहिए जो अयोग्य हैं। हर किसी के लिए टीकाकरण की अनुमति होनी चाहिए। अगर केंद्र सरकार सभी के लिए टीकाकरण की अनुमति देती है और हमें पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिलती है तो हम 3 महीने के भीतर दिल्ली में सभी को टीका लगा सकते हैं। इसके लिए हमने आज एक योजना बनाई है।
केजरीवाल ने आगे कहा कि सिस्टम को विकेंद्रीकृत किया जाना चाहिए और राज्यों को अपने तरीके से युद्धस्तर पर टीकाकरण करने की अनुमति दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैकिंग, ट्रेसिंग और होम आइसोलेशन को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए हैं। मास्क और सोशल डिस्टनसिंग का सख्ती से पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र से अपील करता हूं कि टीकाकरण केंद्रों के लिए उनके वर्तमान दिशा-निर्देश बहुत कड़े हैं। अब हमें टीकाकरण में 2 महीने का अनुभव है, इसलिए कुछ नियमों में ढील देने के लिए हम केंद्र को लिख रहे हैं ताकि अधिक केंद्रों पर टीकाकरण किया जा सके। हम सभी सावधानी बरतेंगे। जानकारी के अनुसार, देश और दिल्ली में कोरोना का कहर एक बार फिर बढ़ने लगा है और दिन-प्रतिदिन संक्रमितों के बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। दिल्ली में 70 दिन बाद बुधवार को एक बार फिर कोरोना के 500 से अधिक नए मरीज मिलने के बाद यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा 6.45 लाख के पार पहुंच गया था। इसके साथ ही पॉजिटिविटी दर भी बढ़कर 0.66 फीसदी पर आ गई।
