हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 11वीं व 9वीं की होने वाली वार्षिक परीक्षाओं की समय सारणी में बदलाव कर दिया है। नए समय सारणी के अनुसार ये परीक्षाएं सुबह 10 बजे आरंभ होंगी। वहीं पहले के नियमानुसार ये परीक्षाएं सुबह 8.30 बजे शुरू होनी थी। बता दें कि बोर्ड द्वारा कक्षा 11वीं व 9वीं की वार्षिक परीक्षाओंं के लिए समय सारणी जारी की चुकी है। इसके अनुसार 11वीं की परीक्षाएं 26 मार्च एवं 9वीं की परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होंगी। बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार 11वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 मार्च से शुरू होकर 23 अप्रैल तक तथा 9वीं कक्षा की परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू होकर 17 अप्रैल तक चलेंगी। दोनों परीक्षाओं के लिए परीक्षा का समय सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया था।
बोर्ड ने इस संदर्भ में शुक्रवार को पत्र क्रमांक 57523/संचालन जारी कर कहा है कि प्रशासनिक कारणों के चलते कक्षा 9वीं व 11वीं की वार्षिक परीक्षा आरंभ होने के समय में बदलाव किया गया है। नए आदेश के बाद अब यह परीक्षाएं सुबह 8.30 बजे के स्थान पर 10 बजे आरंभ होंगी 12.30 बजे तक चलेगी। संशोधित तिथि पत्र बोर्ड कार्यालय की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसइएच डॉट ओआरजी डॉट इन पर अपलोड कर दी गई है तथा इस बारे में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को भी पत्र जारी कर संशोधित समयानुसार परीक्षाएं संचालित कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।
