महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले की एक केमिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई है। एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा हुआ है। जिसको अस्पताल में भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक रत्नागिरी जिले के खेड में इंडस्ट्रियल इलाके स्थित इस केमिकल फैक्ट्री में शनिवार को ब्लास्ट हुआ। जिसके बाद फैक्ट्री से आग की पलटे निकलती दिखीं और चारों और धुआं ही धुआं हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धमाके के बाद आग लग गई। उन्होंने बताया कि दमकल और पुलिस कर्मियों ने करीब 40 अन्य कर्मचारियों को बाहर निकाला। और आग पर काबू पा लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में ब्लास्ट सुबह नौ बजे के करीब हुआ। केमिकल फैक्ट्री के बॉयलर में ये विस्फोट हुआ। आसपास के लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि करीब चार किमी तक आवाज सुनाई दी। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार फैक्ट्री में एक बॉयलर अत्यधिक गर्म होने के कारण फट गया। बहरहाल घटना की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है।
