वीकएंड पर तीन दिन की छुट्टियां से नौकरीपेशा करने वाले लोग उत्साहित हैं। लेकिन उनकी इस खुशी पर भारत बंद ने पानी फेर दिया है। तीन दिन की छुट्टी पर होली मनाने घर या कहीं जाने की योजना बना रहे हैं तो शुक्रवार की बजाय शनिवार को ही निकलने की सोचें। शुक्रवार को निकले तो परेशानी झेलनी पड़ेगी। यह परेशानी आपका पूरा प्लान ही चौपट कर सकती है।
दरअसल किसानों ने शुक्रवार को देशभर में भारत बंद का एलान कर रखा है। इसका असर चंडीगढ़ में तो नहीं दिख रहा। लेकिन चारों तरफ रास्ते बंद होने से चंडीगढ़ दूसरे राज्यों से कट गया है। इस वजह से चंडीगढ़ आवाजाही में दिक्कत हो रही है। बंद के असर को भांपते हुए और नुकसान के डर से चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग ने शुक्रवार को बस सर्विस बंद रखी है। सिर्फ सीटीयू ही नहीं पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड सहित कई दूसरे राज्यों ने भी शुक्रवार को बस सेवा चंडीगढ़ के लिए बंद रखी। जिससे चंडीगढ़ से न तो कोई बस गई और न ही आई। सुबह से ही यह बस सर्विस बंद हो गई। यही हाल रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला।
भारत बंद की जानकारी नहीं होने से कुछ लोग घर जाने के लिए आइएसबीटी-17 और आइएसबीटी-43 पहुंच गए। लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें कोई बस नहीं मिली। जिससे परेशानी का सामना करना पड़ा। केवल बस ही नहीं बस स्टैंड के बाहर मिलने वाली टैक्सी जैसी दूसरी सर्विस भी आज बंद रही। दरअसल रोड बंद होने की वजह से यह सर्विस ठप रही। जिससे सवारियों को लंबा इंतजार करने के बाद वापस लौटना पड़ा। इससे ज्यादा दिक्कत शाम को हो सकती है। इसका कारण यह है कि शनिवार, रविवार की छुट्टी होती है और सोमवार को होली की छुट्टी है। ऐसे में बहुत से लोगों ने शुक्रवार को ड्यूटी के बाद घर जाने का प्लान बना रखा है। लेकिन अब इन लोगों को प्लान रद करना होगा। ऐसा नहीं किया तो परेशानी झेलनी होगी। शाम को बस स्टैंड पर ऐसे लोगों की भीड़ देखने को मिल सकती है। सुबह से ही बहुत से लोग बस स्टैंड जानकारी नहीं होने से पहुंचने लगे थे। ऐसे में शाम को भी ऐसे लोग पहुंच सकते हैं।
