होली के त्योहार पर घर जाने के लिए ट्रेन में नहीं मिल रहा कंफर्म टिकट तो चिंता न करें। आप बस से घर जा सकते है। बस से सफर करने वाले यात्रियों को आइआरसीटीसी का सुरक्षित प्लेटफार्म मिलेगा। अब वे भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) के माध्यम से बसों की आनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। यह सुविधा देशभर के यात्रियों के लिए है। इसके लिए हाल ही में बस बुकिंग करने वाले दो पोर्टल के साथ समझौता किया गया है।
अब तक ट्रेन और फ्लाइट बुकिंग की थी सुविधाआइआरसीटीसी अब तक ट्रेन व फ्लाइट की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करा रहा था। रेलवे का ई-टिकट उसी की देन है। अधिकृत व रेलवे का ही उपक्रम होने से यात्री इस पर ज्यादा भरोसा करते हैं। यात्रियों के बेहतर रिस्पांस को देखते हुए बसों की भी आनलाइन बुकिंग सुविधा देने की योजना बनाई गई।
एक बार में कोई भी व्यक्ति छह लोगों की करा सकता है बुकिंग
आइआरसीटीसी बिलासपुर के एरिया मैनेजर जेरोल्ड सोरेंग ने बताया कि दिल्ली मुख्यालय स्तर पर रेड बस व अभी बस आनलाइन पोर्टल से समझौता किया गया। आइआरसीटीसी को इससे नान एसी बसों के लिए 10 रुपये और एसी बसों पर 20 रुपये कमीशन मिलेगा। बुकिंग के दौरान पहचान-पत्र आवश्यक नहीं है, पर जब यात्रा करेंगे तो पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा। आइआरसीटीसी की वेबसाइट से एक बार में कोई भी व्यक्ति छह लोगों की बुकिंग करा सकता है।
बुकिंग के लिए यात्रियों को ‘बस डाट आइआरसीटीसी डाट सीओ डाट इन’ पर जाना होगा। इसके बाद ट्रेन, फ्लाइट के अलावा बस का विकल्प भी सामने आ जाएगा। इसे चुनते ही अलग-अलग शहरों के लिए उपलब्ध बसों की सूची, वह किसी श्रेणी की है, किराया कितना है यह सामने आ जाएगा। ट्रेनों की तरह ऊपर व नीचे की सीटों का भी चयन किया जा सकता है।
किराये का भुगतान डेबिट, क्रेडिट कार्ड समेत सभी आनलाइन माध्यमों से किया जा सकता है। टिकट यात्रा रद करने का नियम हर बस सर्विस का अलग-अलग है। सभी ने अलग समय व कटौती के साथ रिफंड निर्धारित किया है। यात्रा की तारीख बढ़ाने का कोई विकल्प नहीं है।
