फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा] जिले में रविवार को करीब चार केंद्रों पर करीब 188 लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई। इनमें 125 बुजुर्गों ने उत्साह के साथ वैक्सीन लगवाई। बीमारियों से ग्रस्त 45 साल से अधिक आयु के 49 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसके अलावा दो फ्रंटलाइन वर्करों ने अपना पहला टीका लगवाया। जबकि 8 स्वास्थ्य कर्मियों ने पहली और 4 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन की अपनी दूसरी डोज का टीका लगवाया। इसी के साथ जिले में अब तक 143489 टीकाकरण हो गया है और प्रदेश में जिला टीकाकरण के मामले में गुरुग्राम के बाद दूसरे स्थान पर है। निजी अस्पतालों में बने टीकाकरण केंद्रों पर 250 रुपये का भुगतान करके भी लोग अपनी वैक्सीन लगवा रहे हैं। रविवार को सभी बुजुर्गों ने निजी अस्पतालों में वैक्सीन लगवाई। वैक्सीन के जिला नोडल अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि आंगनवाड़ी और आशा वर्करों के माध्यम से बुजुर्गों को को जागरूक करके केंद्र तक लाया जा रहा है। अब मौके पर ही पंजीकरण किया जाता है। अब जिले में वैक्सीन को और बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

जिले में अभी तक किए गए टीकाकरण पर एक नजर
अभी तक पहली डोज::::: 125557
अभी तक दूसरी डोज:::::::::: 17932
कुल टीकाकरण::::::::::::: 143489
