फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] बाबा दीप सिंह शहीद चौक से आंबेडकर चौक तक की प्याली सड़क का निर्माण नहीं किए जाने के विरोध में बीते पांच मार्च से धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रविवार को लोगों के बूट पॉलिस करके विरोध व्यक्त किया। बीते 24 दिन से बाबा दीप सिंह शहीद चौक पर धरना दे रहे अनशनकारी बाबा रामकेवल ने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह से निष्ठुर हो गया है। सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। लोग चोट खाते हैं कई लोगों की जान तक चली गई है। प्रशासन से पूरे शहर के समाजसेवी बार-बार निवेदन कर चुके हैं कि सड़क का निर्माण शुरू करवाया जाए लेकिन कहीं कोई सुनने वाला नहीं है। बीते दिनों संकेत्माक रूप से चौराहे पर भिक्षा मांग कर विरोध व्यक्त किया था और रविवार को बूट पॉलिस करके विरोध जताया है। बीते 24 दिन से लोग क्रमिक अनशन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन या राज्य सरकार पर कोई असर नहीं हुआ है। इस मौके पर परमिता चौधरी, राकेश, नरेश वैष्णव, प्रमोद भड़ाना, राजू बैंसला, हरजिंदर भड़ाना, प्रीतपाल सिंह, राजकुमार खरवार, कुलदीप सिंह, सतीश चोपड़ा, अवतार सिंह, मंजीत सिंह, साहिल मग्गू व गौरव आदि मौजूद रहे।
तीन विधानसभा क्षेत्रों की आबादी और गुरुग्राम जाने की प्रमुख सड़क
हार्डवेयर-प्याली की जर्जर सड़क से शहर की बड़ी आबादी करीब पांच लाख लोग परेशान हैं। तीन विधानसभा क्षेत्रों बल्लभगढ़, बड़खल, फरीदाबाद एनआईटी विधानसभा और गुरुग्राम जाने वाली यह प्रमुख सड़क है। करीब 1.10 किलोमीटर लंबी इस सड़क से गुजरने में वाहन चालकों का पहले जहां एक से दो मिनट लगते थे, इन दिनों 30 से 40 मिनट इस सड़क पर फंसे रहना पड़ता है। और यह भी जरूरी नहीं है कि वाहन इस सड़क की दूरी को पार करेगा या नहीं। हो सकता बीच में ही सड़क के गहरे गड्ढ़े में वाहन फंस जाए या फिर उसमें कोई तकनीकी खामी आ जाए। लेकिन लोगों के इतना भुगतने के बाद भी नगर निगम प्रशासन अभी अपनी कुंभकर्णी नींद से नहीं जागा है।
सात साल से नहीं बनाई गई सड़क
हार्डवेयर-प्याली रोड को बीते सात साल से नहीं बनाया गया है। बीते चार साल से सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़्क में अब गड्ढ़े और गड्ढ़े हैं। बड़ी आबादी के लिए यह शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है। सड़क पर केवल धूल उड़ती है। सड़क के डिवाइडर पर लगी लोहे की एंगलों को चार उखाड़ ले जा चुके है। गड्ढ़ों वाली इस सड़क से अब गुजरना भी मुश्किल हो गया है। करीब सात साल पहले यह सड़क अंतिम बार बनाई गई थी, तभी से यह बार-बार टूटती गई।
कारोबार के लिहाज से महत्वपूर्ण है यह सड़क
कारोबार के लिहाज से यह सड़क अति महत्वपूर्ण है। यह सड़क गुरुग्राम को जोड़ती है। इस सड़क से गुरुग्राम जाने वाला यातायात गुजरता है। साथ प्रदेश बड़ी डबुआ मंडी और एनआईटी औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी हजारों कारोबारी इससे आवाजाही करते हैं। 24 घंटे व्यस्त रहने वाली सड़क एनआईटी, बड़खल और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की करीब पांच लाख की आबादी के लिए अति महत्वपूर्ण है। यहां तीन विधानसभा क्षेत्रों के लोग गुजरते हैं। एनआईटी के लिए तो यह एक मात्र महत्वूपर्ण सड़क है।
सड़क से इन इलाकों के लोग प्रभावित
डबुआ कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, जनता कॉलोनी, एनएच-दो, एनएच-एक, मुजेसर, एनआईटी औद्योगिक क्षेत्र, प्रेस कॉलोनी, सारन गांव, फिरोजगांधी नगर, गाजीपुर, सुंदर कॉलोनी, नंगला इंक्लेव, पर्वतीय कॉलोनी-आदि की आबादी
कोट्स
सड़क की निविदाएं जारी कर दी है। जल्द ही इस सड़क के निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
