फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] गांधी कॉलोनी के सामने रेलवे सड़क पर सीवर का पानी जमा होने से यहां से निकलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवर के जमा पानी के साथ-साथ सीवर के ढक्कन सड़क से नीचे धंस गए हैं। इससे यहां से निकलने वाले लोगों के साथ आए दिन हादसे हो रहे हैं।
गांधी कॉलोनी निवासी दुकानदार अजय भाटिया ने बताया कि वह फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे सड़क किनारे दुकान चलाते हैं। यहां सीवर के पानी की वजह से दुकान चलाना दुभर हो गया है। कुछ दिन ही यहां सड़क साफ रहती है। यहां ज्यादातर समय सीवर का पानी जमा रहता है। इसकी वजह नियमित तौर पर सीवर लाइन की सफाई न किया जाना है। उन्होंने बताया कि यहां पिछले दो से तीन दिन के अंदर कई दोपहिया सवार यहां जमा पानी की वजह से गिर चुके हैं। नगर निगम की जानकारी में यहां की समस्या है। मगर, अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। न्यू कॉलोनी निवासी अगम सक्सेना ने बताया कि रेलवे सड़क पर सीवर के पानी की समस्या काफी पुरानी है। मगर, नगर निगम प्रशासन शिकायत देने के बावजूद इसका समाधान नहीं कर पाया है। गत वर्ष तो यहां से सीवर का पानी निकलवाने के लिए लोगों को सड़क जाम कर प्रदर्शन तक करना पड़ा था। अब फिर से हालात खराब होने शुरू हो गए हैं। मैनहोल के ढक्कन नीचे धंसने से यहां दोपहिया सवारों के साथ हादसे हो रहे हैं। दैनिक रेल यात्री दिनेश ने बताया कि रेलवे रोड पर न तो सफाई रहती है न ही यहां नियमित तौर पर सीवर लाइन की सफाई की जाती है। रेलवे सड़क पर पानी जमा होने से यात्रियों को स्टेशन आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ दिन ही यह सड़क साफ रह पाती है। यहां अक्सर सीवर का पानी जमा रहता है। रेलवे सड़क का प्रयोग कर ओल्ड फरीदाबाद में अपनी दुकान पर जाने वाले एसजीएम नगर निवासी राजू ने बताया कि रेलवे सड़क पर अक्सर जाम लगा रहता है। जाम की वजह सीवर का पानी और अतिक्रमण है। पानी जमा होने के कारण लोग अपने वाहनों को धीमी गति से चलाते हैं। इस कारण यहां कुछ ही देर में लंबा जाम लग जाता है। जाम से बचने के लिए मैं अक्सर टाउन नंबर-चार वाली रोड से सेक्टर-21बी होते हुए ओल्ड फरीदाबाद के अंडरपास पहुंचता हूं। नगर निगम को रेलवे सड़क की सीवर जाम की समस्या का समाधान करना चाहिए।
