बदमाशों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके है कि अब वो पुलिस अफसरों को भी सीधी चुनौती दे रहे है। ताजा मामला चंडीगढ़ से सामने आया है। जहां कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शूटर मनी ने एसएसपी कुलदीप चहल को फेसबुक के जरिए खुलेआम धमकी दी है।
फेसबुक पर मनी शूटर ने लिखा है-“जय बलकारी सभी भाई को। आप सबको पता ही है कि अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई को चंडीगढ़ लाने की तैयारी हो रही है। पर भाई के दिल में यह आशंका है कि ये लोग उसका एनकाउंटर न कर दें। मैं एसएसपी कुलदीप चहल को एक बात बोलना चाहता हूं। अगर हमारे भाई (लॉरेंस) को कुछ भी हुआ तो ये समझ लेना कि उसका कैसे बदला लेंगे, ये तुम सोच भी नहीं सकते। इस पोस्ट के साथ ही एसएसपी की फोटो भी लगाई गई है।”
बता दें कि यूटी पुलिस शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई के घर गोलियां बरसाने समेत फिरौती के दो केसों में गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई से पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए उसे चंडीगढ़ लाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया है। कहा गया है कि सितंबर 2020 तक शहर में हुई चार बड़ी वारदातों में लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया है। इसमें सेक्टर-33 स्थित शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई के घर व सेक्टर-9 में शराब ठेके पर गोली बरसाने और दो अलग-अलग फिरौती के केस शामिल हैं। इन सभी मामलों में प्रोडक्शन वारंट के दौरान लॉरेंस से पूछताछ की जानी है।
वहीं, लॉरेंस बिश्नोई ने चंडीगढ़ पुलिस के प्रोडक्शन वारंट पर आने से बचने के लिए पहले ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। उसने कोर्ट को बताया कि 31 मई 2020 को यूटी पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस उसका प्रोडक्शन वारंट हासिल करना चाहती है लेकिन उसे शक है कि कानपुर मुठभेड़ में जैसे विकास दुबे को मारा गया, वैसे ही उसका फर्जी एनकाउंटर हो सकता है। लिहाजा, उसके हाथ-पैर बांधकर लाया जाए, ताकि पुलिस भागने की कोई कहानी न बना सके। याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि प्रोडक्शन के दौरान लॉरेंस को कड़ी सुरक्षा में लाया जाए और वीडियोग्राफी करवाई जाए। इसके बाद लॉरेंस प्रोडक्शन वारंट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। वहां से हाईकोर्ट के आदेश पर स्थगन मिल गया। इस पर चंडीगढ़ पुलिस को जवाब दायर करने के लिए कहा गया था। पुलिस ने भी कोर्ट में कहा कि लॉरेंस को वीडियोग्राफी कर कड़ी सुरक्षा में लाया जाएगा। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इस समय राजस्थान की अजमेर जेल में बंद है। पुलिस मामले में अब साइबर विशेषज्ञों की मदद ले रही है।
