फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] रेलवे दैनिक यात्रियों को राहत देने के लिए पांच अप्रैल से छह लोकल ट्रेन चलाने जा रहा है। इससे पलवल, दिल्ली और गाजियाबाद के बीच यात्रा करने वालों की राह आसान हो जाएगी। दैनिक रेल यात्री पिछले वर्ष से ही सभी लोकल ट्रेन को चलाने की मांग करते आ रहे थे। सभी लोकल ट्रेन में कम से कम किराया 30 रुपये होगा।
गत वर्ष लॉकडाउन के बाद रेलवे ने सभी 44 लोकल ट्रेन बंद करने कर दी थीं। इसके बाद इस वर्ष फरवरी माह से रेलवे ने लोकल ट्रेन चलानी शुरू कर दी हैं। अब मथुरा-गाजियाबाद के बीच चार लोकल ट्रेन चल रही हैं। पांच अप्रैल से इन गाड़ियों की संख्या 10 हो जाएगी। इन ट्रेन में से पांच ट्रेन पांच अप्रैल को चलेंगी। जबकि एक ट्रेन छह अप्रैल को चलाई जाएगी। इससे पलवल, असावटी, बल्लभगढ़, न्यू टाउन रेलवे स्टेशन, फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से चढ़ने-उतरने वाले यात्रियों को फायदा होगा। फरीदाबाद दैनिक रेलयात्री संघ के प्रधान शिव प्रभाकर ओझा ने कहा है कि रेलवे को सभी लोकल टे्रन को तुरंत प्रभाव से चालू कर देना चाहिए। यात्रियों को मासिक पास की सुविधा भी देनी चाहिए। नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दैनिक रेल यात्री एसोसिएशन, पलवल के अध्यक्ष प्रकाश मंगला ने कहा कि रेलवे ने देर से ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। अब सभी लोकल ट्रेन को चला देना चाहिए।
पांच अप्रैल से चलने वाली लोकल ट्रेन
1. 04445-पलवल से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी।
यह ट्रेन रात 10:20 पर पलवल से दिल्ली के लिए चलेगी, जो 11:50 पर नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
2. 04446-शकूरबस्ती से पलवल रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी।
यह ट्रेन शाम 6:20 पर शकूरबस्ती से चलेगी। 7:33 पर यह गाड़ी फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। पलवल रेलवे स्टेशन पर यह गाड़ी रात 8:16 पहुंचेगी।
3. 04438-नई दिल्ली से पलवल रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी।
यह ट्रेन सुबह 8:45 बजे नई दिल्ली स्टेशन से पलवल के लिए रवाना होगी। करीब 9:25 पर यह ट्रेन फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। 10:10 पर यह ट्रेन पलवल स्टेशन पर पहुंचेगी।
4. 04437-पलवल से शकूरबस्ती स्टेशन के बीच चलेगी।
यह ट्रेन पांच अप्रैल को दोपहर 3:10पर पलवल से चलेगी। शाम 4:30 बजे यह गाड़ी शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।
5. 04439-पलवल से गाजियाबाद स्टेशन के बीच चलेगी। यह ट्रेन पलवल से सुबह 10:55 पर गाजियाबाद के लिए रवाना होगी। यह नई दिल्ली होते हुए गाजियाबाद पहुंचेगी।
6. छह अप्रैल को चलने वाली टे्रन : 04440-नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पलवल रेलवे स्टेशन के बीच चलेगी। यह ट्रेन रात 12:00 बजे से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। रात1:35 पर यह ट्रेन पलवल रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
30 रुपये होगा कम से कम किराया: लोकल ट्रेन का किराया कम से कम 30 रुपये होगा। लॉकडाउन से पहले इन ट्रेन में कम से कम किराया 10 रुपये होता था। अभी दैनिक यात्रियों के लिए मासिक पास की सुविधा भी शुरू नहीं की गई है। मासिक पास की सेवा शुरू न होने से रेल यात्रियों में रोष है।
