केएमपी एक्सप्रेस-वे पर मांडौठी टोल टैक्स के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में महिला व उसके साढ़े पांच वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला के पति व बड़ा बेटा जख्मी हो गए। हादसे के बाद पिता-पुत्र को गुरुग्राम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुग्राम के लक्ष्मी गार्डन के निवासी मनीष शर्मा वहां की एक ऑटो मोबाइल कंपनी में नौकरी करते हैं। होली पर मनीष अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव बाजार कला रामपुर मनिहारन में गए थे।
गुरुग्राम के इस परिवार की आल्टो कार ट्राले से जा टकराई, जिससे ये हादसा हुआ। आसौदा थाना में ट्राला चालक के खिलाफ लापरवाही के आरोप में केस दर्ज किया गया है। सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिए गए। मंगलवार की रात को मनीष गांव से गुरुग्राम के लिए चले थे। साथ में उनकी पत्नी अन्नू, बड़ा बेटा अर्नव व छोटा बेटा साढ़े पांच वर्षीय आरव साथ थे। जब वे केएमपी से होते हुए मांडौठी टोल टैक्स से बादली की तरफ निकले तो उनकी कार बिना इंडीकेटर के आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई।
दुर्घटना में चारों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों की मदद से बहादुरगढ़ के अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अन्नू शर्मा व उसके छोटे बेटे आरव को मृत घोषित कर दिया। मनीष शर्मा व अर्नव को गंभीर हालत में गुरुग्राम ले जाया गया। उनके बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम गई है। जांच अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों के हवाले कर दिया गया है। ट्राला चालक की तलाश चल रही है। मनीष के बड़े सौरभ शर्मा के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
