फरीदाबाद : बिजली निगम की ओर से मीटर के नाम पर सिक्योरिटी मनी चार्ज (एडिशनल चार्ज डिपॉजिट) वसूलने से उपभोक्ताओं में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। विरोध स्वरूप गुरुवार को ये सेक्टर-23 स्थित निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ के कार्यालय पहुंच गए।
इन्होंने उन्हें सिक्योरिटी मनी चार्ज को समाप्त करने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेता लखन सिंगला ने एसई से कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही जीएसटी व नोटबंदी के कारण परेशान है। इनके कारण बिगड़ी अर्थव्यवस्था अभी तक संभल नहीं पाई। फिर कोरोना ने व्यापारियों, किसानों, मजदूरों व आम आदमी के बजट को पूरी तरह से बिगाड़ दिया। हालात यह है कि आज लोगों को परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। अब बिजली निगम ने नए टैक्स ने आम आदमी की नींद उड़ा दी है क्योंकि मंदी के इस दौर में चार गुना सिक्योरिटी राशि देना आम आदमी की पहुंच से बाहर है। उन्होंने कहा कोरोना के चलते फरीदाबाद सहित हरियाणा में बड़े व छोटे उद्योग मंदी के दौर से गुजर रहे हैं।
