फरीदाबाद : [ पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] किसानों एवं शुगर मिल क्षेत्र से गुजरने वाले यात्रियों के लिए खुशी की खबर है। नेशनल हाइवे स्थित शुगर मिल के दोनों तरफ मिल की जमीन पर डीजल-पेट्रोल पंप व सीएनजी-पीएनजी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इसके लिए शुगरफैड हरियाणा व पलवल शुगर मिल के निदेशक मंडल की ओर से स्वीकृति मिल चुकी है।
सहकारी चीनी मिल पलवल के प्रबंध निदेशक सुमन भाखड़ एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के उपमहाप्रबंधक अरविंद गोविल की ओर से एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मिल के प्रबंधक निदेशक सुमन भाखड़ ने बताया मिल का क्षेत्र 32 किलोमीटर की परिधि में फैला हुआ है तथा भारी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों से मिल में गन्ना लेकर आते हैं। मिल के 20 बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों से भी ट्रांसपोर्टर गन्ना मिल तक लेकर आते हैं। काफी संख्या में कर्मचारी ड्यूटी आते हैं। इन सभी की सुविधा के लिए मिल ने डीजल-पेट्रोल पंप व सीएनजी-पीएनजी चार्जिंग स्टेशन लगाने का कदम उठाया है।
