फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] सरकारी आदेशों को धता बताते हुए अभिभावकों से जबरन वार्षिक फीस वसूलने और बच्चों का रिजल्ट रोकने के खिलाफ अभिभावकों ने शुक्रवार को सेक्टर-21डी स्थित एक निजी स्कूल के सामने प्रदर्शन किया। अभिभावकों के साथ आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, बड़खल विधानसभा के अध्यक्ष तेजवंत सिंह बिट्टू एवं दक्षिण हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजुद्दीन भी थे। इन्होंने स्कूल द्वारा की जा रही लूट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान अभिभावकों ने स्कूल के कोआर्डिनेटर पर बदतमीजी करने के आरोप लगाते हुए कहा कि वे बच्चों का कैरियर खराब करने तक की धमकी देते हैं।
प्रात: 9 बजे से ही अभिभावक स्कूल के आसपास एकत्र होने शुरू हो गए और प्रिंसिपल से मिलने की मांग करने लगे। स्कूल के आगे लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्कूल कोआर्डिनेटर लोगों से मिलने पहुंचे, मगर लोगों का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा था। अभिभावकों इस दौरान धरने पर बैठ गए और स्कूल के खिलाफ नारे लगाने लगे। इन्होंने कहा निजी स्कूलों पर न सरकार की कोई लगाम है और न जिला प्रशासन की। जब सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि कोई भी स्कूल बच्चों का रिजल्ट नहीं रोक सकता तो फिर ये प्राइवेट स्कूल क्यों मनमानी कर रहे हैं। अभिभावकों ने कहा स्कूल प्रबंधन पुराने ऑर्डर दिखाकर अभिभावकों को भयभीत कर रहा है और उनसे वार्षिक फीस वसूल रहा है। जबकि सुप्रीमकोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि कोई भी स्कूल वार्षिक फीस नहीं वसूलेगा और न ही बच्चों का रिजल्ट रोकेगा। इस दौरान जोगेन्द्र चंदीला, ओम निरंकार, मंजू चौधरी, मंदीप सैनी, रितु कौर, चन्दर अरोड़ा, तेजेन्द्र खरबंदा, सीमा अग्रवाल, पूनम, विक्रम, मंजीत सैनी, आशीष, मुकेश गुप्ता, पंकज खरबंदा, कौशल वर्मा, दीपिका सिंह, बबिता चावला आदि अभिभावकों ने स्कूल कोर्डिनेटर पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया।
