फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] एनआईटी चार स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर आयुक्तालय (सीजीएसटी) में शुक्रवार को आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया।देश को आजादी मिले 75 वर्ष पूरे होने वाले हैं। इसके उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत आयुक्त प्राणेश पाठक ने की।
इस मौके पर परिसर में एक बड़ा गुब्बारा आसमान में छोड़कर खुशियां मनाई गई। सुबह करीब 10 बजे परिसर में सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने देशभक्ति के नारों लगाए। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीजीएसटी आयुक्त आयुक्त प्राणेश पाठक ने कहा कि लगातार 75 हफ्ते तक आयुक्तालय में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव का आयोजन धूमधाम से मनाया जा रहा है। 1857 का स्वतंत्रता संग्राम, महात्मा गांधी का विदेश से लौटना, लोकमान्य का पूर्ण स्वराज्य का आह्वान, नेता जी का आजाद हिंद फौज का नारा दिल्ली चलो कोई नहीं भूल सकता। उन्होंने बताया कि आजादी कि इस महोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए 75 हफ्ते आयुक्तालय में अनेक प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें स्वास्थ्य जांच शिविर, सीजीएसटी के प्रति जागरुकता, आयुक्तालय द्वारा की गई बड़ी कार्रवाई से लोगों को अवगत करवाया जाएगा। इसके साथ ही अच्छे कर दाताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त महेश भारद्वाज, संयुक्त आयुक्त अरुण गुप्ता, उपायुक्त डालचंद, उपायुक्त रोशन कुमार, उपायुक्त सौरभ भड़ाया सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
