फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] थाना एनआईटी एरिया में ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास के पास एक बंद वर्कशॉप में आग लग गई। आगजनी की यह घटना रविवार देर शाम करीब 7:00 बजे की है। आगजनी के कारण का पता नहीं चल सका है। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
आग की लपटें उठती देख अंडरपास से गुजर रहे लोग वहां जमा हो गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की एक के बाद एक तीन गाड़ियां पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग बुझाने से पहले बिजली कर्मियों को सूचना देकर वहां ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद उन्होंने आग बुझाना शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तीन गाड़ियों की सहायता से वहां आग पर काबू पा लिया। एनआईटी थाना एसएचओ फूल कुमार ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद अंडरपास के पास एक बंद वर्कशॉप थी। इसमें कूड़ा-कबाड़ा भी पड़ा था। देर शाम अचानक इसमें आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था। आगजनी के कारण का पता नहीं चल सका है।
