फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] दिल्ली-मथुरा रेलखंड पर लंबे समय के बाद नई ईएमयू ट्रेनों का संचालन शुरू होने से फरीदाबाद रेलवे सेक्शन पर भले ही यात्रियों को राहत मिली हो, लेकिन रेलवे स्टेशनों पर अभी तक भीड़ का नजारा नहीं है। इसे कोरोना का असर कहें या फिर रेल की टिकट महंगी होने का एक कारण। दैनिक रेल यात्री संघ की मानें तो इन नई ईएमयू चलने से भी नौकरीपेशा वर्ग को कोई खास फायदा नहीं हुआ है। केवल व्यापारी वर्ग को ही इसका फायदा हुआ है। अब इस रूट पर ईएमयू ट्रेनों की संख्या तीन से बढ़कर 9 हो गई है। बावजूद इसके नौकरीपेशा वाले लोग सुबह और शाम के वक्त ईएमयू ट्रेन शुरू किए जाने की मांग कर रहे हैं।
मार्च 2020 के बाद पटरी पर चलती ईएमयू ट्रेन से खिले यात्रियों के चेहरे
कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने मार्च 2020 में ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था। कोरोना से लड़ाई जीतने के कई महीने बाद रेलवे ने धीरे-धीरे एक्सप्रेस ट्रेनों को चलाना शुरू किया। इसके बाद ईएमयू ट्रेनें भी पटरी पर उतारी गई। अब से पहले तीन ईएमयू इस रूट पर चलाई गई है। सोमवार को पांच नई और एक नई ईएमयू मंगलवार रात में पलवल स्टेशन के लिए दौड़ेगी। इससे यात्रियों को और भी फायदा मिलेगा। हालांकि रेल यात्री रेलवे की ओर से बढ़ाए गए 30 रुपये की टिकट किराए को लेकर खुश नहीं हैं। इससे यात्रियों के समक्ष आर्थिक परेशानी बन गई। इस कारण अभी तक यात्री ट्रेनों की ओर रूख नहीं कर पा रहे हैं। ट्रेन से चलने वाले दैनिक यात्री बिशन सिंह ने बताया कि अब उन्होंने मेट्रो से चलना शुरू कर दिया है। ट्रेन की अपेक्षा मेट्रो का सफर सुरक्षित और सुहाना भी है। ऐसे में अगर उनकी जेब से कुछ रुपये ज्यादा भी खर्च हो जाएं तो अब उन्हें इसकी चिंता नहीं रहती। यात्रियों का कहना है कि एक ओर से रेलवे ने किराए में वृद्धि कर दी है, वहीं दूसरी ओर सुबह और शाम के वक्त ईएमयू में इजाफा नहीं किया है। इससे नौकरीपेशा करने वाले यात्री बेहद परेशान हैं। यात्री डॉक्टर लोकेश वशिष्ठ का कहना है कि मथुरा तक लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है। खासकर सुबह और शाम के वक्त, ताकि मथुरा वृंदावन में दर्शन करने वाले श्रद्धालु ट्रेनों के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इसी तरह पलवल से दिल्ली तक लोकल ईएमयू ट्रेन भी सुबह व शाम के वक्त शुरू की जाए, ताकि कोरोना काल में भीड़ के सफर में चलने से लोग बच सकें।
इस रूट पर चलाई गई नई ईएमयू ट्रेन
04446 ईएमयू शकूरबस्ती से पलवल रेलवे स्टेशन तक सोमवार से चलाई गई। यह ट्रेन शाम 6:20 बजे दिल्ली से चलकर सभी स्टेशनों पर रुकते हुए 7:33 बजे फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। जहां से वह पलवल स्टेशन तक जाएगी।
04445 ईएमयू पलवल से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक चलाई गई। रात 10:20 बजे से शुरू की गई यह ट्रेन पलवल से चलाई गई। प्रत्येक स्टेशन पर रुकते हुए 11:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
04437-पलवल से शकूरबस्ती स्टेशन यह ट्रेन दोपहर 3:10 बजे पलवल से चलेगी। जो असावटी, बल्लभगढ़, न्यू टाउन, फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रुकते हुए शाम 4:30 बजे शकूरबस्ती स्टेशन पहुंचेगी।
04438-यह ट्रेन सुबह 8:45 बजे नई दिल्ली स्टेशन से चलाई गई। जो 9:25 बजे फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन 10:10 बजे पलवल स्टेशन जाएगी।
04439 ईएमयू पलवल से गाजियाबाद स्टेशन तक चलाई गई। यह ट्रेन पलवल से सुबह 10:55 बजे चलाई गई। जो प्रत्येक स्टेशन पर रुकते हुए नई दिल्ली से गाजियबाद तक पहुंचेगी।
04440 ईएमयू मंगलवार छह अप्रैल की रात 12 बजे नई दिल्ली से पलवल रेलवे स्टेशन तक चलाई जाएगी। जो 1:35 बजे पलवल स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन फरीदाबाद, न्यू टाउन, बल्लभगढ़ और असावटी रेलवे स्टेशन से होते हुए पलवल जाएगी।
कोट्स
रेलवे ने इस रूट पर भले ही 9 लोकल ट्रेन शुरू कर दी है, बावजूद इसके दैनिक रेल यात्रियों को इसका फायदा नहीं। सुबह और शाम के वक्त लोकल ट्रेन नहीं। इससे यात्री ट्रेन से दूरी बनाए हुए हैं। किराया भी पहले की तुलना में काफी अधिक वसूला जा रहा है। रेलवे को चाहिए कि सुबह व शाम के वक्त लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए।
प्रकाश मंगला, प्रधान, पलवल रेल पैसेंजर एसोसिएशन
कोरोना से लोग अभी सहमे हुए हैं। लोकल ट्रेनों की संख्या बढाए जाने के बावजूद अभी यात्रियों की संख्या काफी कम है। सोमवार को फरीदाबाद स्टेशन से मात्र 263 टिकट बिकी।
