फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन जिला फरीदाबाद की बैठक मंगलवार को राजकीय प्राथमिक पाठशाला दौलताबाद में आयोजित हुई। जिला प्रधान चतर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई इस बैठक में संघ की जिला कार्यकारिणी के विस्तार व शिक्षकों से जुड़े कई मुद्दों पर मंथन किया गया। चतर सिंह ने बताया कि सभी जिला कार्यकारिणी सदस्यों ने परिवार पहचान पत्र की ड्यूटी के सम्बन्ध में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया है कि जिले के प्राथमिक शिक्षक हरियाणा सरकार के अनुसार स्वैच्छिक रुप से ड्यूटी करेंगे। वहीं बैठक में प्राथमिक शिक्षकों की एलटीसी ब्लाक ईयर 2016-19 की राशि अभी तक न मिलने, जेबीटी शिक्षकों के कन्फर्म करवाने एवं जिले के सभी प्राइमरी स्कूलों में हैड टीचर के रिक्त पदों को पदोन्नति को भरवाने के लिए जिला कार्यकारिणी उच्च आधिकारियों के सामने मांग उठाएगी।
मौके पर कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। इनमें संघ के जिला वरिष्ठ उपप्रधान रेखा शर्मा व मनोज नागर, उपप्रधान के पद पर महावीर भडाना, धर्म दत्त शर्मा, बिजेन्दर दत्त व पीताम्बर दत्त को, टेक चन्द को संगठन सचिव, सुभाष चंद्र जैन को जिला प्रवक्ता, राकेश कुमार को संघ संयुक्त सचिव एवं राजेश आहूजा को आडिटर नियुक्त किया गया। संघ के जिला प्रधान चतर सिंह ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई। मौके पर जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय रानी वर्मा, अमरावती शर्मा, राजबीर, बीर सिंह उपस्थित रहे।
