फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। इसके चलते अब नागरिक अस्पताल में बड़े आपरेशन भी संभव हो पा रहे हैं। नागरिक अस्पताल की महिला रोग विशेषज्ञ डा.पूनम शर्मा व उनकी टीम ने ओल्ड फरीदाबाद में रहने वाली 31 वर्षीय आरती गोयल के पेट से 10 किलो ट्यूमर निकाला है। उन्होंने दावा किया है कि नागरिक अस्पताल में इससे पहले कभी इतना बड़ा ट्यूमर नहीं निकाला गया है।
डा. पूनम ने बताया कि आरती मार्च के तीसरे सप्ताह में उनके पास पेट की समस्या लेकर आई थीं और उनका पेट एक गर्भवती की तरह था। इसके बाद उन्होंने महिला की एमआरआइ जांच कराई, जिनमें ट्यूमर पाया गया। नागरिक अस्पताल में सीमित साधनों में आरती का आपरेशन इनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण था।
डा. पूनम ने एनेस्थीसिया टीम के साथ विचार विमर्श करने के बाद आपरेशन का फैसला किया। इसके बाद तीन अप्रैल को महिला का आपरेशन किया गया। उन्होंने बताया कि पूरे पेट में फैले ट्यूमर को छोटे से छेद से निकालना चुनौतीपूर्ण था। वहीं, एनेस्थीसिया टीम के लिए भी चुनौती थी, क्योंकि उसके फेफड़ों में पानी भरने का खतरा था। आपरेशन करीब डेढ़ घंटे तक चला और उसके बाद ट्यूमर को बाहर निकाला जा सका।
उन्होंने बताया कि आरती की एक ओवरी को भी बाहर निकाला पड़ा है। ट्यूमर इतना बड़ा था कि उसे निकालना संभव नहीं हो पा रहा था। इसके चलते ट्यूमर में मौजूद चार किलो पानी को पहले निकाला गया। ट्यूमर का आकार छोटा होने के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। ट्यूमर कैंसर का है या सामान्य इसका पता लेने के लिए सैंपल भेजा गया है। वहीं महिला को छुट्टी दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस आपरेशन में डा. योगेश, स्टाफ नर्स विशाल, एनेस्थीसिस्ट डा.दीपक, डा.महेश भाटी, डा. नवीन और डा.अन्नू का भी अहम योगदान रहा है। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. सविता यादव ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं।
