हरियाणा में किसानों का विरोध झेल रहे भाजपा के विधायक मंत्री और पदाधिकारी अब सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।इसका फैसला भाजपा नेताओं की कोर टीम में हुआ है। साथ ही वहीं इसके लिए विरोध करने वाले लोगों के प्रति यदि सरकार को सख्ती करनी पड़ी तो वह पीछे नहीं हटेगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर हुई भाजपा के प्रमुख नेताओं की बैठक में अराजक किस्म के लोगों से निपटने की रणनीति तैयार की गई। इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, गृह मंत्री अनिल विज, शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया और वेदपाल एडवोकेट समेत कई प्रमुख नेताओं ने इस बैठक में भाग लिया।
वहीं राज्य के गृहमंत्री अनिल विज इस बात से खारे नाराज हैं कि मुट्ठी भर लोगों के विरोध की वजह से भाजपा व जजपा नेताओं ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाना बंद कर दिया है। गृह मंत्री विज को इस बात पर भी ऐतराज है कि गोहाना के पूर्व विधायक किताब सिंह मलिक को श्रद्धांजलि देने जाने की बजाय मुख्यमंत्री के आंवलावासियों के नाम पत्र लिखा।
भाजपा अब 14 अप्रैल को बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर हर जिले में कार्यक्रम करेगी। इन कार्यक्रमों में भाजपा के केंद्रीय नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी नेता व कार्यकर्ता भागीदारी करेंगे। इन कार्यक्रमों में यदि किसी ने कोई विघ्न डाला तो पुलिस उनके साथ सख्ती से पेश आएगी। बैठक में शामिल अधिकतर नेता इस बात पर सहमत थे कि पार्टी संगठन और सरकार के कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भागीदारी की जाएगी।
गृह मंत्री विज ने भरोसा दिलाया कि ऐसे कार्यक्रमों में पुख्ता सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होगी और सीआइडी को अपना काम मजबूती के साथ करना होगा। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक मसलों पर भी बातचीत की गई। सहमति बनी कि राष्ट्रीय नेताओं के दिल्ली में पहुंच जाने के बाद भाजपा के प्रदेश संगठन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
