इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन (IPL 2021) का आगाज 9 अप्रैल यानी आज से हो रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आयोजन इस साल देश के छह शहरों में नौ अप्रैल से 30 मई के बीच किया जाएगा।
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने जो कार्यक्रम तैयार किया है उसके अनुसार मैचों का आयोजन अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में किया जाएगा।
पहला मैच चेन्नई में नौ अप्रैल को मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा जबकि फाइनल 30 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
लीग चरण में प्रत्येक टीम चार स्थलों पर खेलेगी। लीग चरण में कुल 56 मैच होंगे जिनमें से चेन्नई, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु 10-10 जबकि अहमदाबाद और दिल्ली आठ-आठ मैचों की मेजबानी करेंगे।
इस बार 11 डबल हेडर यानि एक दिन में दो मैच खेले जाएंगे। आईपीएल 2021 में पहली बार मैच नए समय पर शुरू होंगे। दोपहर का मैच 3.30 बजे शुरू होगा और रात के मुकाबले शाम 7.30 से शुरू होंगे। जबकि पहले ये समय शाम 4 बजे और रात 8 बजे था।


