फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। चार दिन में संक्रमित मरीज दोगुने हो रहे हैं। इससे पहले पिछले साल जून के महीने में सात दिन में संक्रमित मरीज दोगुने हो रहे थे। एक अप्रैल को 108 संक्रमित मिले थे जो दो अप्रैल को दोगुने से अधिक 254 हो गए। तीसरे ही दिन चार अप्रैल को 543 हो गए। सात अप्रैल को 1214 हो गए। शनिवार को 2060 तक पहुंच गए हैं। संक्रमण दर 10 फीसदी के पार हो गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में हालात पिछले साल के नवंबर महीने जैसे खतरनाक होते जा रहे हैं। अप्रैल में तेजी से फैलते संक्रमण का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 10 दिन में ही 2060 संक्रमित मिल चुके हैं। हर दिन आंकड़े बढ़ रहे हैं। औसतन 206 मरीज प्रतिदिन आ रहे हैं। पिछले महीने में मार्च में मात्र 40 संक्रमित ही प्रतिदिन मिल रहे थे।
शनिवार को 200 नए संक्रमित मिले
जिले में शनिवार को 200 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। बीते 24 घंटे में 161 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो गए। जिले में अब कोरोना संक्रमितों के सक्रिय मामले बढ़कर 1668 हो गए हैं। इनमें से 247 संक्रमित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जहां 71 मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 49801 हो गई है और ठीक होने वालों की संख्या 47707 तक पहुंच गई।
