फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] चोरों ने सोमवार रात तिलपत बिजली दफ्तर में तिजोरी को तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। चौकीदार से मिली सूचना के बाद बिजली निगम के एसडीओ रात में ही दफ्तर पहुंचे। उन्होंने सरायख्वाजा थाना पुलिस को सूचित कर मौके पर बुला लिया। इसके बाद पुलिस ने चोरी का जायजा लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोर पीछे से खिड़की के रास्ते दफ्तर में जा घुसे। उन्होंने सबसे पहले एसडीओ हेमंत शर्मा के कमरे में बनी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर उसे ले जाने की कोशिश की लेकिन भारी होने पर वह उसे उठा नहीं पाए। तिजोरी में करीब 50 हजार रुपये की नकदी थी। बिजली निगम के अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं चोर किसी कीमती दस्तावेज को अपने साथ लेकर तो नहीं गए। उस समय चोरी की भनक दफ्तर से बाहर चारपाई पर लेटे चौकीदार नहीं लग सकी। बाद में उसे पता चला। उसने तुरंत इसकी सूचना एसडीओ हेमंत शर्मा को दी। एसडीओ समेत अन्य स्टाफ के लोग वहां पहुंचे। सूचना मिलने पर सरायख्वाजा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर भी ले गए चोर
चोर इतने शातिर थे कि वे जाते वक्त सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस का मानना है कि चोरों को बाद में सीसीटीवी फुटेज का पता चला होगा। इसके चलते वे पकड़े जाने के भय से डीवीआर को अपने साथ लेकर फरार हो गए।
खंगाली जा रही है सीसीटीवी फुटेज
चोरी की इस वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस अब उस इलाके में लगी सीसीटीवी फुटेज को खंगालेगी। तिलपत बिजली दफ्तर के समीप में ही पल्ला बिजली दफ्तर भी है। जहां सीसीटीवी फुटेज लगे हुए हैं। पुलिस अब उन फुटेज को खंगालकर चोरों का पता लगाएगी। इसके अलावा बिजली दफ्तर के समीप में कुछ मकानों में सीसीटीवी फुटेज लगे हैं। उन्हें भी पुलिस खंगालकर देखेगी।
