फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हाल ही में फरीदाबाद दौरे के दौरान बिजली बिल में लगाई गई एसीडी(एडवांस सिक्योरिटी डिपॉजिट) की राशि को अगले वर्ष चार किस्तों में जमा कराने का आदेश जारी करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद भी अभी तक दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को आदेश नहीं मिला है। अब अभिभावक एकता मंच और सेव फरीदाबाद ने मुख्यमंत्री को अपना वायदा याद दिलाने के लिए पत्र लिखा है। आदेश ना आने की वजह से उपभोक्ताओं में काफी निराशा है।
उपभोक्ताओं को यह भी डर सता रहा है कि यदि एसीडी के साथ बिजली का बिल जमा नहीं कराया तो बिजली विभाग उनका कनेक्शन काट देगा। हरियाणा अभिभावक एकता मंच और ‘सेव फरीदाबाद ने मुख्यमंत्री को एसीडी के बारे में की गई घोषणा की याद दिलाते हुए पत्र लिखकर आदेश जारी करने के लिए कहा है। हरियाणा अभिभावक एकता मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा और ‘सेव फरीदाबाद के संयोजक पारस भारद्वाज ने कहा है कि उपभोक्ताओं को आस थी कि इस साल एसीडी की रकम जमा नहीं करानी पड़ेगी। मगर, अभी तक तो ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। उनका आग्रह है कि मुख्यमंत्री जल्द से जल्द इस बारे में आदेश जारी करें। जिससे उपभोक्ता परेशानी से बच सकें।
