फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] कोरोना संक्रमित होने पर पृथला के उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों की नौकरी पर कोई गाज नहीं गिरेगी। बल्कि महामारी के इस बुरे वक्त के दौर में कंपनियां कर्मचारियों की मदद में खड़ी नजर आएंगी। पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से कर्मचारियों की हर संभव मदद की जाएगी। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने वाले कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन भी मुहैया कराए जाने अब एसोसिएशन विचार कर रही है। एसोसिएशन का मानना है कि कर्मचारी हर वक्त उनके कंधा से कंधा मिलाकर मेहनत करता है। ऐसे में पीआईए ने निर्णय लिया है कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कर्मचारियों के स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए।
सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाए जाने का अभियान शुरू
स्वास्थ्य विभाग की मदद से पृथला औद्योगिक क्षेत्र के लगभग 200 उद्योगों में कार्यरत कम्पनी के सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगाए जाने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत गुरुवार को पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने हिन्द टर्मिनल स्थित फास्ट ट्रेडर परिसर में कोरोना वैक्सीन को लेकर शिविर लगाया। जिसमें पीआईए उपाध्यक्ष राजीव मेहरा, महासचिव रविंद्र यादव, व प्रशासनिक अधिकारी मानवेंद्र कुमार मौजूद रहे। दूधौला एसएमओ एके यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम में शामिल एएनएम पूजा कौशिक, फॉर्मेशिस्ट अफसर सचिन अग्रवाल व राजेश ने शिविर में कोरोना वेक्सीन लगाए। इस मौके पर डॉक्टर सुरेंद्र आर्य ने शिविर का निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष राजीव मेहरा ने बताया कि इससे पहले एसोसिएशन ने हिन्दुस्तान अखबार के माध्यम से उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों को फ्री में वैक्सीन लगाए जाने की मांग की थी, स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है, जो हम सभी के लिए अच्छी बात है। इसके तहत अब तक 25 उद्योगों के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाए जा चुके हैं। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग की मदद से कोरोना टेस्ट भी कराए गए थे।
एकल परिवार का भी रखा जा रहा है ख्याल
पीआईए के प्रशासन मानवेंद्र कुमार ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से उद्योगों में कार्यरत कर्मचारी व मजदूरों की सुरक्षा को लेकर विशेष ख्याल रखा जा रहा है। इसे लेकर उद्योगों में प्रवेश के वक्त सेनेटाइज की व्यवस्था के साथ-साथ तापमान की जांच भी की जाती है, ताकि किसी कर्मचारी को तापमान होने पर समय से ही उसका उपचार कराया जा सके। यही नहीं, कुछ ऐसे भी कर्मचारी हैं, जो विभिन्न प्रदेशों से आकर यहां नौकरी पेशा कर रहे हैं। ऐसे में कुछ कर्मचारी यहां अकेले ही रहते हैं। ऐसी दशा में अगर उन्हें कोरोना संक्रमण होने पर उपचार के लिए किसी अस्पताल में दाखिल कराया जाता है तो उनकी देखभाल का भी पूरा ख्याल रखा जाता है।
पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के महासचिव रविंद्र यादव ने कर्मचारियों से कहा है कि उन्हें कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है,अपितु इसे लेकर ऐतिहात बरतने की जरूरत है। नियम व संयम के साथ हमें इस कोरोना को हराना है। उद्योगों में काम करते वक्त मास्क का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। जिसका हम सभी को पालन करना होगा। उपाध्यक्ष मेहरा ने बताया कि इन सुविधाओं के चलते जहां कर्मचारी वर्ग में उद्योगों के प्रति विश्वास जगेगा, वहीं इससे उनका पलायन होने से रूकेगा। एसएमओ दूधौला एके यादव: कोरोना संक्रमण रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें लगातार वैक्सीन के कार्य में जुटी है। सभी को कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए आगे आने की जरूरत है, ताकि हम सब मिलकर कोरोना से जंग जीत सकें।
