हरियाणा के जींद स्थित एक सरकारी अस्पताल के पीपी सेंटर से बीती रात ताला तोड़कर चोरी किये गए कोरोनावायरस टीकों की 1710 खुराक की खेप गुरुवार शाम को नाटकीय ढंग से सिविल लाइन थाने पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक शाम करीब पांच बजे बाइक सवार एक व्यक्ति थाने के बाहर चाय की दुकान पर टीकों की 1710 खुराक से भरा थैला दुकानदार के पास यह कहकर छोड़ गया कि उसमें मुंशी (थाने के कर्मी) का खाना है। पुलिस के मुताबिक थैले के अंदर एक पर्ची भी मिली है जिस पर लिखा था “सॉरी पता नहीं था कोरोना की दवाई है।”
अब चोरों द्वारा कोरोना वैक्सीन लौटाने की इस घटना पर कवि कुमार विश्वास ने तंज कसा है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर चोरों के नोट को शेयर करते हुए लिखा, “मेरे देश के प्रिय नेताओं, कृपया इसे पढ़ें। राष्ट्रीय आपदा के इस समय में चोरों तक में कुछ नैतिकता बची है।” उन्होंने ट्वीट में आगे ही लिखा- “सबको सम्मति दे भगवान।”पुलिस ने शुरू की मामले की जांच : जींद के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ओपी नरवाल ने बताया कि सामान्य अस्पताल के पीपी सेंटर से चोरी हुई टीकों की खुराक की खेप कोई व्यक्ति शाम को थाने के बाहर एक दुकान पर दे गया, फिलहाल मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
