फरीदाबाद : शुक्रवार को शाम 6:00 बजे के बाद शहर के बाजारों में पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस ने दुकानदारों को संकेत देने के लिए सायरन बजाया। सायरन बजाते ही दुकानों के शटर गिरने लगे। पुलिस को देखकर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर ली। सभी बाजारों में हालात सामान्य बने रहे। पेश है हिन्दुस्तान की रिपोर्ट।
दोपहर में ग्राहकों की भीड़ रही
12:30 बजे
टाउन नंबर-एक बाजार
फरीदाबाद : टाउन नंबर-एक बाजार शहर का सबसे बड़ा बाजार है। यहां पर दिन में काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इनमें कई ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क नहीं लगाए हुए थे। बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था। दोपहर बाद बाजार में कुछ दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ती देखी गई। जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर शाम 6:00 बजे के आसपास दुकानें बंद होनी शुरू हो गईं। पुलिसकर्मी भी बाजार में आ गए। इससे दुकानदार अपनी दुकानों कों बंद करने में लग गए। यहां आभूषण की दुकान चलाने वाले आभूषण विक्रेता सुशांत ने बताया कि 6:00 बजे दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी थीं। 15-20 मिनट के अंदर सारा बाजार बंद हो गया था। पुलिस ने दुकानदारों को चेताने के लिए सायरन भी बजाया था।
6:00 बजते ही बाजार हो गया बंद
6:00 बजे
टाउन नंबर-पांच बाजार
फरीदाबाद : टाउन नंबर-पांच का बाजार भी बड़े बाजारों में से एक है। यहां भी शाम को दुकानों पर भीड़भाड़ देखी गई। लोग सामान लेने की जल्दबाजी में दिखाई दिए। शाम 6:00 बजते ही व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं। कुछ ही देर में बाजार का अधिकांश इलाका बंद हो गया था। यहां खरीदारी करने आईं टाउन नंबर-पांच निवासी भावना ने बताया कि शाम 6:00 बजते ही बाजार बंद होने लगा। पुलिस भी बाजार में घूम रही थी। मगर, दुकानदार खुदबखुद अपनी दुकान बंद करते जा रहे थे। दुकान बंद करते हुए दुकानदार खुश भी नजर आ रहे थे। मेडिकल स्टोर और आम जरूरत की दुकानें खुली हुईं थीं।
6:00 बजे
सेक्टर-15ए क्राउन प्लाजा मॉल
क्राउन प्लाजा मॉल भी हो गया बंद
फरीदाबाद : सेक्टर-15ए स्थित क्राउन प्लाजा मॉल दिन भर खुला रहा था। यहां कपड़े और इलेक्ट्रिोनिक्स के शोरूम पर ग्राहकों का आना-जाना लगा हुआ था। मॉल प्रबंधन ने दिन में सभी दुकानदारों को शाम 6:00 बजे तक दुकानें बंद करने के बारे में सूचित कर दिया था। इसे देखते हुए सभी दुकानदारों ने शाम 6:00 बजे अपनी दुकानें बंद कर ली थीं। मॉल की प्रबंधक निशा विग ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश को देखते हुए मॉल की दुकानें 6:00 बजे बंद करने के लिए पहले ही तैयारी कर ली गई थी। दुकानदार भी इसके लिए तैयार थे। शाम 6:00 बजे मॉल की दुकानें बंद कर दी गईं।
5:10 बजे
ओल्ड फरीदाबाद
शाम होते-होते बढ़ने लगी थी भीड़
फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद बाजार काफी भीड़भाड़ वाला बाजार है। यहां दिन भर लोग खरीदारी में जुटे रहे। दोपहर बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ गई थी। शाम 5:00 बजे के आस-पास भी ग्राहकों की संख्या बढ़ती देखी गई। 5:45 के आस-पास बाजार में पुलिसकर्मी घूमने लगे। यहां 6:00 बजे के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दी थीं। पुलिसकर्मियों को बाजार बंद करवाने के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ी। यहां खरीदारी करने आए बाढ़ मौहल्ला निवासी सुनील ने बताया कि उसे हार्डवेयर स्टोर से सामान खरीदना था। मगर, 6:00 बजे दुकान बंद होने के कारण वह सामान नहीं खरीद सका।
6:00 बजे
जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर बंद हो गया बाजार
बल्लभगढ़ : शुक्रवार शाम 6:00 बजे से जरूरी सामान की दुकानों को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद होने के सरकार के आदेशों की पालना पुलिस प्रशासन करता नजर आया।
हालांकि, दुकानदारों में असमंजस की स्थिति रही कि दुकानें किस-किस की बंद होगी। खासकर कंफेक्शनरी वाले दुकानदार शाम तक यहीं पूछते रहे कि उन्हें दुकानें बंद करनी है या नहीं। बाजार में पुलिस दुकानों को बंद करती नजर आई, जबकि मोहना रोड पीसीआर सायरन बजाती हुई दुकानों को बंद कराने में जुटी हुई थी। दवाई, परचून व दूध की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को पुलिस प्रशासन की ओर से बंद कराया जा रहा था। इससे पहले करीब 5:45 मिनट पर बाजार में ग्राहकों की भीड़ कम नजर आई।
