फरीदाबाद : कोरोना से जंग के मद्देनजर प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में फ्लू ओपीडी सातों दिन 24 घंटे जारी रहेगी। कोविड की तरह के हल्के लक्षण पाए जाने पर भी मरीज कभी भी जाकर डॉक्टर को दिखा सकते हैं। डॉक्टर की सलाह पर मरीज की कोविड जांच के लिए नमूने उसी समय ले लिए जाएंगे। सरकार ने सरकारी अस्पतालों में अन्य ओपीडी कम कर दी हैं ताकि अधिकांश चिकित्सक कोविड मरीजों का इलाज कर सके। ऐसे आदेश हरियाणा स्वास्थ्य निदेशालय ने गुरुवार को जारी कर दिए हैं। बीके जिला राजकीय नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन डेढ़ हजार से अधिक पंजीकरण किए जाते हैं। अस्पताल में की ओपीडी में भीड़ उमड़ती है, जहां कोविड नियमों का पालन नहीं हो पाता है। ऐसे में कई डॉक्टर पॉजेटिव हो गए हैं।
बीके अस्पताल के प्रवेश द्वार पर ही बनाई गई फ्लू ओपीडी
बीके जिला राजकीय नागरिक अस्पताल के प्रवेश द्वार के निकट ही फ्लू ओपीडी बनाई गई है। जो अब 24 घंटे चलेगी। अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सविता ने बताया कि अभी ऐसे आदेश मिले हैं। शनिवार से इन्हें लागू कर दिया जाएगा। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी है, इसलिए व्यवस्था बनाने में दिक्कत तो है। इन दिनों प्रतिदिन करीब चार हजार लोगों के कोविड जांच के नमूने लिए जा रहे हैं। अस्पताल में फ्लू की ओपीडी सातों दिन 24 घंटे जारी रखने का निर्णय से लोगों को सुविधा होगी। कोविड जैसे लक्षण होने पर फ्लू ओपीडी में किसी भी समय दिखाया जा सकेगा।
अन्य ओपीडी का समय कम किया
सरकारी अस्पतालों में अन्य ओपीडी का समय कम कर दिया गया है। अब सरकारी अस्पतालों में अन्य बीमारियों की ओपीडी का समय सुबह 9.00 बजे से 12.00 बजे तक रहेगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक में स्वास्थ्य निदेशालय ने यह निर्णय लिया है।
प्राइवेट लैब में भी जांच के लिए भेजे जा सकेंगे नमूने
अगर जांच में देरी हो रही है और रिपोर्ट मिलने में देरी है तो नमूने बढ़ने पर प्राइवेट लैब में भी नमूने भेजे जा सकेंगे। लेकिन इसका निर्णय सीएमओ अपने स्तर ले सकेंगे। फ्लू ओपीडी में अगर जांच के नमूने बढ़ेंगे तो नमूनों को जांच के लिए प्राइवेट लैब में भी भेजा जा सकेगा। ताकि रिपोर्ट जल्द से जल्द मिल सके और इलाज किया जा सके। इसके अलावा हरियाणा स्वास्थ्य निदेशालय ने होम आइसोलेशन में उपचाराधीन कोविड मरीजों को बेहतर इलाज की व्यवस्था किए जाने के दिशा-निर्देश दिए हैं।
