फरीदाबाद : फरीदाबाद के थाना पल्ला व थाना ओल्ड पुलिस द्वारा शुक्रवार से ड्रोन उड़ाकर चिन्हित किए गए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी की गई। जिसमें जहां एक ओर कोविड के नियमेां पर निगरानी की जाएगी, वहीं दूसरी ओर अपराधों पर भी लगाम कसी जाएगी।
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि फरीदाबाद में कोरोना महामारी के नियंत्रण के लिए भीड़भाड़ वाले 24 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए जहां पर लोगों द्वारा कॉविड नियमों का पालन अच्छे से नहीं किया जा रहा है। चिन्हित किए गए इन स्थानों पर ड्रोन द्वारा निगरानी रखी जा रही है ताकि इन स्थानों पर कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा सके।
ड्रोन के माध्यम से ऐसे स्थानों की वीडियोग्राफी करके बनाई गई वीडियो को सुरक्षित रखा जाएगा, जिसे बाद में आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लिया जा सकेगा। ड्रोन टेक्नोलॉजी के माध्यम से कॉविड के साथ-साथ अपराधों पर लगाम लगाने में भी सहायता मिलेगी। ड्रोन कैमरा की सहायता से ऐसे स्थानों पर घठित हुई अपराधिक वारदातों में शामिल लोगों पर निगरानी रखकर आसानी से उनकी पहचान की जा सकेगी और उनकी तलाश करके उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को कोविड से सुरक्षित रखा जाए, इसके लिए जिला पुलिस द्वारा लोगों को इस महामारी से बचने की सावधानियों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक जरूरी न हो घर से बाहर ना निकले और यदि किसी काम के लिए घर से बाहर निकलना भी पड़े तो मास्क का प्रयोग करें।भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें, 2 गज दूरी बनाकर रखें और सैनिटाइजर का समय-समय पर उपयोग करें। कोविड नियमों का उल्लंघन करके कानूनी कार्रवाई के भागीदार न बने और अपने साथ-साथ अपने परिजनों को भी इस महामारी से बचाने में सहयोग करें।
