फरीदाबाद : बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते पुलिसकर्मी इन दिनों कोरोना योद्धा की भूमिका निभाते हुए पहली कतार में रहकर अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में अभी आते जा रहे हैं। इस समय एक डीसीपी समेत 61 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हैं।
इनमें अधिकांश ऐसे पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो विभिन्न घटनाओं में संलिप्त मुलजिमों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। इनमे से दो पुलिसकर्मियों की हालत नाजुक हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जबकि अन्य पुलिसकर्मियों को उनके घरों में ही आइसोलेट किया गया है। ऐसे में पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में शहर में व्यापारी का अपहरण कर हत्या करने के मामले में पकड़े गए आरोपी कोरोना पॉजिटिव निकले। जिनकी वजह से उन्हें दबोचने वाले क्राइम ब्रांच कर्मी भी कोरोना की चपेट में आ गए।
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि सभी कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे खुद की हिफाजत करते हुए अपने कर्तव्य का पालन करें। मास्क सही तरीके से पहने। सैनीटाइजर का हर समय इस्तेमाल करें। इसके साथ ही भीड़ भाड़ वाले इलाकों में खुद को बचाते हुए ड्यूटी करें। वहीं आरोपियों को दबोचने में भी काफी पुलिसकर्मी संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में गैर जरूरी गिरफ्तारी अभी थोड़ा धीमी की जाएगी। जिन आरोपियों को दबोचा भी जाएगा तो उन्हें बहुत बचाव के साथ क्राइम ब्रांच और पुलिस कर्मियों को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
