हरियाणा : हरियाणा के यमुनानगर में एक बाबा ने चार साथियों के साथ मिलकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह जहां पर काम करती थी उस सेंटर के संचालक ने दोस्तों और बाबा के साथ मिलकर उसके साथ ऐसी घिनौनी हरकत की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह मूल रूप से पंजाब क्षेत्र की रहने वाली है और कुरूक्षेत्र में पीजी में रह रही है। उसका कार्यालय कुरूक्षेत्र के बस स्टेंड के पास है। महिला ने शिकायत में बताया कि वह आईलेट्स सेंटर में चाय बनाने का काम करती है। 23 अप्रैल को आईलेट्स संचालक उमेद राणा का उसके पास फोन आया कि वह अपना ऑफिस शिफ्ट कर रहे हैं। जो नया ऑफिस है वह पीपली बस स्टेंड पर है। उसने उसे मिलने के लिए वहां पर बुलाया।

जब वहां पर पहुंची तो उमेद राणा कार में आया। उस समय उसके साथ दो और युवक थे, जिन्होंने अपना मुंह ढका हुआ था। जिसके बाद उमेद ने उसे कार में बैठाया और उसे एक धार्मिक स्थान पर ले गए। जहां उमेद ने उसे कहा कि वह अभी आ रहा है, और वह कमरे में उसका इंतजार करती रही। कमरे में वह अपने साथ आए दोनों युवकों में से एक को छोड़ गया। फिर कमरे में दो और युवक आए तथा वे उसे अपने साथ एक कमरे में ले गए। लेकिन उसे कुछ ठीक नहीं लगा रहा था।इसलिए उसने अपने मकान मालिक को फोन करके बताया और अपनी लोकेशन भी भेज दी। कमरे में जाने के बाद दोनों युवकों और एक बाबा ने उसके साथ दुराचार किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस बीच मकान मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें देखकर आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी।
