फरीदाबाद : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए फरीदाबाद के छांसया गांव में वर्षों से बंद पड़े गोल्ड फील्ड मेडिकल कॉलेज को हरियाणा सरकार ने टेकओवर कर लिया है। 24 घंटे के अंदर यहां 100 ऑक्सीजन बेड का अस्पताल तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार को मेडिकल कॉलेज का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर मीटिंग भी की। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जैसे-जैसे कोरोना के मरीज बढ़े हैं तो अस्पतालों पर दवाब भी बढ़ा है। ऑक्सीजन को लेकर भी कुछ कठिनाई आ रही थी और इसमें हमने समस्या का हल निकाला है। लिक्विड ऑक्सीजन की बजाए रेसियस फोर्म में हमें ऑक्सीजन मिल जाएगी। हम पानीपत और हिसार में दो 500-500 बैड के अस्पताल डीआरडीओ की मदद से तैयार करने जा रहे हैं। आज इन दोनों स्थानों का निरीक्षण भी किया गया है।
