फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] औद्योगिक नगरी में कोरोना ने कहर मचा रखा है। बुधवार को 24 घंटे में रिकार्ड 1605 नए मरीज आए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस दौरान पांच मरीजों की जान भी चली गई। राहत की बात यह है कि 24 घंटे में 1163 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच गए। उधर कोरोना की चैन तोड़ने के लिए पुलिस भी हरकत में आ गई है। प्रमुख बाजारों एवं कॉलोनियों में जाकर लोगों को जागरुक कर रही है कि वह अपने घरों में रहें।
बगैर किसी काम के वह घरों से बाहर न निकलें। पुलिस ने अभी तक लापरवाही बरतने वाले 27 हजार से अधिक लोगों के चालान किए हैं। 30 के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 40 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इसके बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। पुलिस का कहना है कि अब ऐसे लोगों के खिलाफ और सख्ती बरती जाएगी। सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार को एक्टिव केसों का आंकड़ा 11 हजार के ऊपर पहुंच गया।
अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या 11416 पहुंच गई है। दिनोंदिन एक्टिव केसों की संख्या बढ़ती जा रही है। एक सप्ताह की बात करें तो 22 अप्रैल को जिले में एक्टिव केसों की संख्या 7324 थी। वहीं अब 28 अप्रैल को बढ़कर 11416 हो गई। यानि सप्ताहभर में 4092 की संख्या में इजाफा हुआ है।
बुधवार को राहत की बात यह रही कि 24 घंटे में पहली बार 1163 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच गए। सप्ताहभर से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम हो रही थी। 22 अप्रैल को कुल 965 मरीज ठीक हुए थे। जबकि 25 अप्रैल को ठीक होने वालों की संख्या महज 522 थी। 26 अप्रैल को भी ठीक होने वालों का आंकड़ा कम ही था। इस दौरान कुल 592 लोग ठीक हुए थे। लेकिन बुधवार को इनकी संख्या बढ़कर 1163 पहुंच गई।
रिकवरी दर में तेजी से हो रही है गिरावट
रिकवरी दर में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को रिकवरी दर घटकर 82.9 फीसदी पहुंच गई। जबकि एक सप्ताह पहले रिकवरी दर 87.5 फीसदी थी। सीएमओ डॉ. रणदीप सिंह पूनिया के अनुसार अभी तक 661130 लोगों के टेस्ट किए गए। इनमें 588142 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अभी तक 69774 लोग संक्रमित हो चुके हैं। साथ ही 496 मरीजों की मौत हो गई।
पुलिस ने 27982 लोगों के किए चालान| पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कोरोना गाइड लाइन की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 से 27 अप्रैल तक मास्क न पहनने वाले 27982 लोगों के चालान किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने बिना मास्क के घूम रहे आम लोगों को 54385 मास्क भी बांटे। इसके अलावा पुलिस ने 22478 लोगों की कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग भी की। कर्फ्यू तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 मुकदमे दर्ज कर 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस लगातार प्रयास कर रही है कि किसी तरह कोरोना वायरस की चैन टूटे और लोगों को संक्रमित होने से बचाया जा सके। लोगों की सेफ्टी के लिए कई बार पुलिस को सख्ती भी बरतनी पड़ती है। सीपी ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। बेवजह घरों से बाहर न निकलें।
