फरीदाबाद : कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखकर अब व्यापारी भी घबराने लगे हैं। इसी कारण शहर के अलग-अलग व्यापारिक संगठनों ने जिला उपायुक्त गरिमा मित्तल व एसडीएम को एक पत्र लिखकर शहर में लॉकडाउन करने की सिफारिश की है।
व्यापार मंडल के प्रधान भगवान दास, उद्योग व्यापार मंडल के प्रधान आर.डी.गुप्ता, व्यापार समिति के महासचिव बिशन चंद बंसल तथा वस्त्र व्यापार मंडल ने बताया कि मौजूदा समय में कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे हैँ। आम जनता में भी इस महामारी को लेकर कोई खौफ नहीं है। इसी वजह से मार्केट में हर समय खासी भीड़ देखी जा सकती है। इसी कारण संक्रमण बहुत रफ्तार से फैल रहा है। इस संक्रमण की चेन को तोड़ने का एक मात्र उपाय केवल लॉकडाउन ही है। सभी व्यापारी संगठनों ने जिला उपायुक्त गरिमा मित्तल, एसडीएम अपराजिता से लिखित गुहार लगाई है कि बल्लभगढ़ के हितों को देखते हुए बल्लभगढ़ में हर कीमत पर लॉकडाउन लगाने की घोषणा की जाए। इतना ही नहीं पुलिस को भी मॉस्क पहनने, सोशल डिस्टेशिंग की पालना कराने के लिए सख्ती करने के आदेश दिए जाए।
