हरियाणा के झज्जर जिले में आर्मी में बतौर मेजर तैनात शख्स के परिवार के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में मेजर की पत्नी और बेटी की मौत हो गई। जबकि मेजर गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है। हादसा कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस हाइवे पर बादली टोल के पास हुआ। मेजर पकंज चौहान, पत्नी ललतेश और बेटी स्नेहा स्नेहा निवासी बदोली जिला अंबाला के साथ अपने साले की शादी से लौट रहे थे कि बादली के पास उनकी कार को किसी गाड़ी ने टक्कर मारी और संतुलन बिगड़ गया।
संतुलन बिगड़ने से गाड़ी पलटियां खाते हुए हाइवे पर बीच सड़क हादसाग्रस्त हो गई। हादसे में बुरी तरह घायल होने से ललतेश और स्नेहा की मौत हो गई। लेकिन पंकज गाड़ी से निकलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर में चोट लगी। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और घायल पंकज को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पंकज ने हादसे की खबर परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही उनके पिता सुरेन्द्र सिंह चौहान अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मां-बेटी के शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस जांच अधिकारी जयपान सिंह ने बताया कि पंकज चौहान की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।
