फरीदाबाद : एक तरफ कोरोना की बढ़ती रफ्तार तो दूसरी ओर वैक्सीन की कमी ने संकट पैदा कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बगैर वैक्सीन के पूरी तैयारी करने का दावा कर रहे हैं। सवाल ये उठता है कि जब वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं है तो तैयारी किस बात की।
बता दें कि एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाने का अभियान शुरू होना है, लेकिन जिले में वैक्सीन का स्टॉक नहीं है। ऐसे में टीकाकरण अभियान शुरू होने की उम्मीद नहीं है। वैक्सीन की कमी के कारण शुक्रवार को भी कई केंद्रों पर टीकाकरण का काम प्रभावित रहा। अभी जिले में अभी तक 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाने का काम किया जा रहा था। अब एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण की शुरूआत होनी है।
वैक्सीन मिलने के तुरंत बाद टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा
नोडल अधिकारी डा. रमेश चंद्र का कहना है कि हमारी तैयारी पूरी है। वैक्सीन मिलने के तुरंत बाद टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। हमारा स्टाफ तैयार है और 46 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण के लिए तैयारी की गई है। लेकिन वैक्सीन कब तक आ आएगी इसका जवाब नोडल अधिकारी के पास नहीं है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से डोज मिलनी है।
