फरीदाबाद : एक ओर जहां ESI मेडिकल काॅलेज प्रबंधन अपने यहां ICU और वेंटिलेटर बेड की कमी बताकर नए मरीज को भर्ती करने का बोर्ड लगा दिया है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा ESI रीजनल बोर्ड के सदस्य बेचू गिरी ने डायरेक्टर काे पत्र लिखकर बीमांकित श्रमिकों के लिए अस्पताल में बेड आरक्षित करने की मांग की है।
उन्होंने ESI कारपोरेशन के डायरेक्टर को लिखे पत्र में कहा है कि श्रमिकाें को ESI में मिलने वाली सभी सुविधाएं एडवांस भुगतान के आधार पर उपलब्ध कराई जाती है। राज्य सरकार ने कोरोना महामाारी के कारण फरीदाबाद व गुड़गांव के ESI अस्पतालों को कोविड सेंटर बना दिया है। जिन श्रमिकों का अंशदान होता है उनके इलाज पर रोक लगा दी है।
ESI में जो इन पैनल अस्पताल हैं, वह श्रमिकाें को भर्ती नहीं कर रहे। ऐसे में बीमांकित श्रमिकों का जीवन खतरे में पड़ गया है। अपने वेतन से पैसे कटवाने वाले श्रमिकों को अपना कोरोना इलाज कराने में परेशानी हो रही है। यह उनके अधिकारों का उल्लंघन है। बीमांकित श्रमिक और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ESI में श्रमिकों के लिए आरक्षित किए जाएं।
